देवरिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार, 19 जुलाई 2025 को नई दिल्ली में भारतीय राजनीति के तीन शीर्ष नेताओं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से शिष्टाचार मुलाकात की। इन मुलाकातों ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को नई हवा दे दी है।

प्रधानमंत्री से मुलाकात, एक्स पर जताया आभार
सीएम योगी ने सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री से मार्गदर्शन प्राप्त करने की बात कही। मुख्यमंत्री योगी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से आज नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट कर उनका आत्मीय मार्गदर्शन प्राप्त किया। अपना बहुमूल्य समय प्रदान करने हेतु हृदयतल से आभार प्रधानमंत्री जी।”प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से भी इस मुलाकात की पुष्टि करते हुए सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा की गईं, जिनमें दोनों नेताओं को एक साथ बातचीत करते देखा गया।

गृह मंत्री अमित शाह से भी की मुलाकात
इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी उनके दिल्ली स्थित आवास पर भेंट की। यह मुलाकात भी शिष्टाचार भेंट के रूप में बताई गई, लेकिन इसके राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री का आभार व्यक्त किया और उन्हें समय देने के लिए धन्यवाद कहा।
सीएम योगी ने मुलाकात को लेकर किया ट्विट
मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय रासायनिक, उर्वरक एवं स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से भी शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात को लेकर सीएम योगी ने लिखा- “आज नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा जी से शिष्टाचार भेंट की। अपना अमूल्य समय प्रदान करने के लिए आपका हार्दिक आभार।”

राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज
हालांकि इन मुलाकातों को फिलहाल शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है, लेकिन एक ही दिन में पार्टी और सरकार के शीर्ष तीन नेताओं से मुख्यमंत्री योगी की लगातार हुई मुलाकातों को लेकर राजनीतिक अटकलें तेज हो गई हैं। इन बैठकों में क्या चर्चा हुई, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन भाजपा के भीतर और बाहर इसे कई संभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।सीएम योगी आदित्यनाथ की प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और भाजपा अध्यक्ष से एक ही दिन में हुई मुलाकातें राजनीतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। आने वाले दिनों में इन मुलाकातों के प्रभाव और संदेश को लेकर और स्पष्टता आ सकती है।