देवरिया। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के उन खिलाड़ियों को सम्मानित किया जिन्होंने ओलंपिक और पैराओलंपिक में पदक हासिल किया है। यूपी के सात खिलाड़ियों को कुल 22 करोड़ रुपए पुरस्कार राशी के रूप में दिए गए हैं। प्रदेश सरकार ने पहले ही गोल्ड विनर को 6 करोड़, सिल्वर मेडल विनर को 4 करोड़ और कांस्य पदक विजेता को 2 करोड़ राशी देने का ऐलान किया था।

प्रवीण कुमार को मिले 6 करोड़
पैरालंपिक में गोल्ड मेडल लाने वाले प्रवीण कुमार को योगी आदित्यनाथ ने6 करोड़ रुपये राशी प्रदान की। सुभाष एल वाई और अजीत सिंह जिन्होंने सिल्वर जीता था उन्हें 4-4 करोड़ रुपये पुरस्कार के रूप में दिए गए। दो कांस्य पदक जीतने वाली प्रीति पाल को 4 करोड़ रुपये दिए गए। वहीं सिमरन को 2 करोड़ रुपये दिए गए। पेरिस ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली हॉकी टीम के सदस्य ललित उपाध्याय और राजकुमार पाल को 1-1 करोड़ रुपये दिए गए।

कोच को भी मिली सम्मान राशी
उन खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन राशी दी गई जिन्होंने भले ही मेडल ना जीता हो लेकिव ओलंपिक, पैरालंपिक में हिस्सा लिया था। इनमें पारूल चौधरी, अनु रानी, प्रियंका गोस्वामी, प्राची चौधरी, साक्षी कसाना, दीपेश कुमार और यश कुमार को 10-10 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। इसके अलावा पैरालंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के चार कोच को सीएम योगी ने सम्मानित किया। पैरालंपिक में गोल्ड जीतने वाले प्रवीण कुमार के कोच को सीएम योगी ने 15 लाख रुपये दिए।

खिलाड़ियों ने देश की प्रतिष्ठा बढ़ाई: योगी
इस दौरान सीएम योगी ने कहा, ‘प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों को तैयार करने में कोच की अहम भूमिका है, इसलिए इन्हें सम्मानित किया गया। मैं कोच, खिलाड़ियों को ह्रदय से बधाई देता हूं। इन खिलाड़ियों ने परिश्रम की परकाष्ठा को छूने का प्रयास किया। इन खिलाड़ियों ने देश की प्रतिष्ठा को बढ़ाया। उत्तर प्रदेश के सम्मान अपने आप बढ़ गया। देश में खेल को लेकर जो वातावरण बना है वो प्रधानमंत्री जी के कार्यक्रमों की देन है।’