देवरिया। उत्तर प्रदेश  में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चाइनीज मांझे से होने वाले हादसों पर सख्त कदम उठाया है। उन्होंने राज्य में चाइनीज मांझे पर पूरी तरह से रोक लगाने का आदेश दिया है। साथ ही पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पूरे प्रदेश में अभियान चलाकर इसकी अवैध बिक्री रोकी जाए। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि चाइनीज मांझे से अगर किसी व्यक्ति की मौत होती है तो उसे हत्या माना जाएगा।

मांझे से हुई मौत के बाद फैसला

यह सख्त फैसला लखनऊ में हुए एक दर्दनाक हादसे के बाद लिया गया है। बुधवार शाम हैदरगंज पुल के पास बाइक से जा रहे 33 वर्षीय मोहम्मद शोएब की गर्दन में अचानक चाइनीज मांझा फंस गया। मांझा इतना तेज था कि उनकी गर्दन की नसें कट गईं। शोएब कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वह गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी तरह उन्होंने बाइक रोकी और सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गर्दन में मांझा फंसने से हुआ हादसा

शोएब लखनऊ के दुबग्गा इलाके के मछली मंडी के रहने वाले थे। वह एक निजी कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के तौर पर काम करते थे। उनके बड़े भाई शारिक के अनुसार, शोएब हेलमेट पहनकर कंपनी के काम से चौक से हैदरगंज की ओर जा रहे थे। ओवरब्रिज पर अचानक उनकी गर्दन में मांझा फंस गया और यह हादसा हो गया।  इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सरकार ने साफ संकेत दिए हैं कि अब चाइनीज मांझे के खिलाफ कोई भी ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

ये भी पढ़ें- व्हीलचेयर से उठ तक नहीं सकतीं और बन गईं बनीं देश की सबसे कम उम्र की प्रेरणादायक लेखिका