देवरिया। 4 जून को देश के भविष्य का फैसला हो जाएगा यानी की लोकसभा चुनाव के नतीजे आ जाएंगे। जिसके बाद यह साफ हो जाएगा कि अगले 5 सालों तक देश की जनता किस पार्टी की सरकार के भरोसे रहेगी। 7 चरणों के लंबे चले चुनावों के बाद कल वो दिन होगा जब देश ही नहीं दूसरे देशों की निगाहें भी भारत पर टिकी रहेंगी। मतगणना को लेकर निर्वाचन आयोग ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी तैयारियों के बारे में जानकारी भी दी और विपक्षी पार्टियों के द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब भी बड़े मजेदार अंदाज में दिया।

उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों पर तैयारी पूरी

उत्तर प्रदेश, लोकसभा चुनाव के नजरिए से सबसे महत्वपूर्ण प्रदेश माना जाता है। कहा जाता है कि यूपी की सीटें दिल्ली की सरकार तय करती है। यूपी की 80 लोकसभा सीट की वोटों की गिनती कराए जाने को लेकर सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। सभी मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम कर दिए गए हैं। काउंटिंग सेंटर्स पर अर्धसैनिक व पुलिस, पीएसी के जवानों की तैनाती रहेगी। गिनती के वक्त भी सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जाएगी। उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों के लिए मतगणना के पहले रुझान पोस्टल बैलेट से 4 जून को सुबह साढ़े आठ बजे तक मिलने लगेंगे। शाम को 5 बजे तक पूरे देश के लोकसभा सीटों की गिनती पूरी कर ली जाएगी।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस

नतीजों से पहले दिल्ली में चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर काउंटिंग से जुड़ी सभी प्रकार की जानकारी दी। ऐसा पहली बार है, जब लोकसभा चुनाव से पहले मुख्य चुनाव आयुक्त ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पूरी चुनाव प्रक्रिया के बारे में बताया और EC पर लगे तमाम आरोपों का जवाब दिया। CEC राजीव कुमार ने कहा कि- “सोशल मीडिया पर ‘लापता जेंटलमैन’ जैसे मीम चले, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। चुनाव आयोग के अधिकारी कभी लापता थे ही नहीं”। विपक्ष के नेताओं के आरोपों पर CEC ने कड़ी आपत्ति भी जताई। उन्होंने एक जगह इशारों में कहा कि- “इन आरोपों पर दिल में कुछ है, लेकिन बोल नहीं पा रहा हूं।”


शायराना अंदाज में दिया जवाब
CEC राजीव कुमार ने कहा- “कहीं भी हमारी गलती हो, तो हमें बताइए, लेकिन काउंटिंग सेंटर पर नहीं। जो काउंटर पर बैठे हैं, जो कंटेस्ट कर रहे हैं उनकी कोई शिकायत नहीं है। फिर पता नहीं कहां से शिकायत है। सब पारदर्शिता से काम होगा। अगर फिर भी कोई गलत मंशा से उपद्रव करना चाहता है, तो फिर उनसे सख्ती से निपटें।” CEC ने फिर शायराना अंदाज में कहा, “मंजूर है इल्जाम लगाओ हम पर, शर्त इतनी है कि साथ में सबूत भी हो।”


खुद पर हुए हमले नहीं रोक पाए: CEC
राजीव कुमार ने कहा- “हमने फेक न्यूज रोकी, लेकिन खुद पर होने वाले हमले नहीं रोक पाए।” कांग्रेस नेता जयराम रमेश के आरोपों का जवाब देते हुए CEC ने कहा- “शक का इलाज तो हकीम लुकमान के पास भी नहीं है।” कांग्रेस नेता ने शनिवार को आरोप लगाया था कि 150 कलेक्टरों को धमकाया गया है। CEC राजीव कुमार ने कहा- “2019 में एक वोटर टर्नआउट को लेकर केस आया। उसमें भी हमने जवाब दिया। वो भी इतने दिन चुप था। उसमें आरोप था कि हमने वोटर टर्नआउट का डाटा नहीं दिया। वोटर टर्नआउट में कुछ भी गड़बड़ नहीं हुआ। वोटर टर्नआउट का डाटा जैसे आपको मिला, वैसे ही हमें मिला। इसमें कुछ गड़बड़ नहीं हुआ।”