देवरिया। असम के मशहूर गायक और बॉलीवुड के मशहूर प्लेबैक सिंगर जुबीन गर्ग (Jubin Garg) के अचानक निधन की खबर से उनके फैंस सदमे में हैं। सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग करते वक्त हुए हादसे में हादसे में उनकी जान गई। जुबीन गर्ग 52 साल के थे। (Jubin Garg) उनके परिवार में उनकी पत्नी और 2 बच्चे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जुबीन स्कूबा डाइविंग के दौरान समुद्र में गिर गए थे। उन्हें तुरंत बचाकर अस्पताल ले जाया गया और आईसीयू में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके। जुबीन गर्ग को सिंगापुर में नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में प्रस्तुति देनी थी।

असम के CM समेत मंत्रियों ने दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने  श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि- “ यह असम और देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है।” वहीं, पूर्व राज्यसभा सांसद रिपु बोरा ने उन्हें असमिया संस्कृति का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनकी आवाज और साहस ने असंख्य लोगों को प्रेरित किया।” असम के स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने गायक (Jubin Garg)के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए लिखा- “उनके संगीत ने पीढ़ियों को आनंद और पहचान दी। उनका जाना एक ऐसा शून्य है, जिसे कभी नहीं भरा जा सकेगा। असम ने अपना सबसे प्रिय सपूत और भारत ने अपने महान सांस्कृतिक प्रतीकों में से एक खो दिया है।”

(Jubin Garg) का संगीतमय सफर

1972 में मेघालय में जन्मे जुबीन का असली नाम जुबीन बोरठाकुर था। 90 के दशक में उन्होंने ‘गर्ग’ उपनाम अपनाया और संगीत की दुनिया में पहचान बनाई। बॉलीवुड में उन्हें सबसे बड़ी सफलता 2006 की फिल्म गैंगस्टरके गाने ‘या अली’ से मिली, जिसने उन्हें पूरे देश में लोकप्रिय बना दिया। इसके बाद उन्होंने ‘सुबह सुबह’, ‘क्या राज है’ जैसे कई हिट गाने दिए। जुबीन ने असमिया, हिंदी, बंगाली समेत 40 से ज्यादा भाषाओं में गाया और लंबे समय तक असम के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले गायक रहे।