Gujarat Election Result 2022Gujarat Election Result 2022

देवरिया : गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजों में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा ने 156, कांग्रेस ने 17, आप ने पांच और अन्य ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ ही भाजपा ने गुजरात के गठन के बाद से इतनी बंपर जीत हासिल करने वाली पार्टी बन गई है। गुजरात में भाजपा की लगातार सातंवी बार जीत है।

इससे पहले कांग्रेस ने 1985 में माधव सिंह सोलंकी की अगुवाई में 149 सीटें जीती थी। उसके बाद से किसी भी दल को इतनी भारी संख्या में सीटें जीतने का श्रेय नहीं मिला। वहीं 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा 156 सीटें जीती।

गुजरात के 2022 विधानसभा चुनाव में जहां भाजपा ने 53 फीसदी से अधिक वोट हासिल किया तो वहीं कांग्रेस 26.8 प्रतिशत वोट शेयर पा सकी है। हालांकि इस चुनाव में कांग्रेस को आम आदमी पार्टी की तरफ से तगड़ा झटका लगा है। आप को इस चुनाव में 13.6 प्रतिशत वोट मिले। अगर आप इस लड़ाई में न होती तो मुमकिन था कि कांग्रेस के वोट शेयर में वृद्धि होती और उसे 40 फीसदी के आसपास तक वोट प्रतिशत मिलते।

पीएम मोदी ने कही यह बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जनता जनार्दन का आशीर्वाद अभिभूत करने वाला है। जेपी नड्डा के नेतृ्त्व में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने जो परिश्रम किया है उसकी खुशबू चारों तरफ महसूस कर सकते हैं। मैं गुजरात, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली की जनता का विनम्र भाव से आभार व्यक्त करता हूं।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के चुनाव में एक प्रतिशत से भी कम अंतर से हार-जीत का फैसला हुआ है। इतने कम अंतर से हिमाचल प्रदेश में कभी नतीजे नहीं आए हैं। हिमाचल में हर 5 साल में सरकार बदली है लेकिन हर बार 5-7% के अंतर से सरकार बदली है। जहां भारतीय जनता पार्टी प्रत्यक्ष नहीं जीती, वहां भाजपा का वोट शेयर भाजपा के प्रति स्नेह का साक्षी है। मैं गुजरात, हिमाचल और दिल्ली की जनता का विनम्र भाव से आभार व्यक्त करता हूं।

उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रति ये स्नेह देश के अलग अलग राज्यों के उपचुनाव में भी दिख रहा है। उत्तर प्रदेश के रामपुर में भाजपा को जीत हासिल हुई है। बिहार के उपचुनावों में भाजपा का प्रदर्शन आने वाले दिनों का स्पष्ट संदेश है।

उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने एक कहावत कही है, ‘आमदनी अठन्नी, खर्चा रुपया’। अगर यह हिसाब रहेगा तो क्या स्थिति होगी यह हम अपने आस-पास के देशों में देख रहे हैं। आज इसलिए देश सतर्क है। देश के हर राजनीतिक दल को यह याद रखना होगा कि चुनावी हथकंडों से किसी का भला नहीं हो सकता।

भाजपा की जीत पर नड्डा ने क्या कहा?

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि जब हम गुजरात के नतीजे देखते हैं तो यह जीत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व मिली है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूलमंत्र को लेकर जिस अथक प्रयास के साथ गुजरात और देश की जनता की सेवा की वह हमें प्रचंड जीत में दिखती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने गुजरात में 52.5% वोट और 157 सीट हासिल की, तो वहीं कांग्रेस 41.4% से घटकर 27.3% प्रतिशत पर आ गई है। वंशवाद, परिवारवाद, अकर्मण्य नेता व गैर जिम्मेदारना विपक्ष के कारण कांग्रेस की ये हालत हुई है।