देवरिया। आखिरकार राजस्थान के सीएम के नाम का सस्पेंस भी खत्म हो गया है। राजस्थान में भाजपा विधायक भजनलाल शर्मा के नाम पर सीएम की मुहर लग चुकी है। छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बाद राजस्थान के सीएम का नाम भी चौकाने वाला है। राजस्थान में सुबह से ही भाजपा आला कमान और प्रदेश के बड़े बीजेपी बड़े नेताओं की बैठकों और मंथन का दौर चल रहा था, जिसके बाद अंत में भजन लाल शर्मा के नाम का ऐलान किया गया।
विधायक दल ने जताई सहमति
राजस्थान में हुए विधायक दल की बैठक में वसुंधरा राजे सिंधिया ने भजन लाल शर्मा के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे विधायक दल ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया, जिसके बाद भजन लाल शर्मा के नाम पर मुहर लगी। मंगलवार सुबह ही दिल्ली से पर्यवेक्षक के रूप में राजनाथ सिंह, सरोज पांडेय और विनोद तावड़े पहुंच चुके थे। 3 दिसंबर को विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद सीएम के दावेदारों पर मंथन चल रहा था। नतीजों के दसवें दिन राजस्थान के सीएम का भी ऐलान कर दिया गया है।
पहली बार विधायक बने हैं भजन लाल शर्मा
भजन लाल शर्मा 56 साल के हैं, इन्होंने विधानसभा चुनाव में सांगनेर विधानसभा सीट से जीत दर्ज की है। पहली बार विधायक का चुनाव जीतने वाले उम्मीदवार को इतने बड़े राज्य का सीएम बनाना भी बड़ी बात है। हालांकी भजन लाल शर्मा पार्टी संगठन में लंबे समय से काफी सक्रिय रहे हैं। शिक्षा की बात की जाए तो चुनाव आयोग को दिए गए जानकारी के अनुसार भजन लाल शर्मा पोस्ट ग्रेजुएट हैं। भजन लाल शर्मा भरतपुर के रहने वाले हैं और वर्तमान में वह प्रदेश भाजपा में महामंत्री पद पर हैं। आपको बता दें कि सांगनेर सीट से मौजूदा विधायक का टिकट काट कर भजन लाल शर्मा को उतारा गया था।