देवरिया। भारत ने एशियन गेम्स में इतिहास रच दिया है।13वां दिन भारत के लिए काफी अच्छा रहा। यह दिन इसलिए ज्यादा खास रहा क्योंकि इस दिन एशियाई खेलों में भारत को मिलने वाले कुल मेडल्स की संख्या 100 हो गई। एशियन गेम्स के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब भारत के खिलाड़ियों ने भारत को 100 मेडल्स तक पहुंचाया है। मेडल टैली में भारत चौथे स्थान पर है और चीन 354 मेडल्स के साथ पहले स्थान पर है।

भारतीय हॉकी टीम ने दिलाया गोल्ड

भारतीय हॉकी टीम ने फाइनल में जापान को 5-1 से हराकर गोल्ड मेडल हासिल किया और इसके साथ ही भारत ने मेडल्स का शतक भी लगा दिया। इस जीत के साथ हॉकी टीम ने 2024 में पेरिस में खेले जाने वाले ओलंपिक खेलों के लिए भी क्वॉलिफाई कर लिया है।

इनकी जीत से 100 पहुंची मेडल्स की संख्या
13वें दिन इन खिलाड़ियों ने भारत को 100 मेडल्स के लक्ष्य तक पहुंचाया, आर्चरी इवेंट में भारत की पुरुष टीम ने सिल्वर जीता, ब्रिज टीम ने सिल्वर अपने नाम किया, आर्चरी इवेंट में भारत की विमेंस टीम ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया, बैडमिंटन के मेन्स सिंगल में एचएस प्रणॉय ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया, प्रणॉय ने 41 सालों के बाद बैडमिंटन के मेन्स सिंगल में भारत के लिए मेडल जीता, भारत की सेपकटकरा टीम ने ब्रॉन्ज अपने नाम किया, विमेंस रेगू टीम ने भारत को ब्रॉन्ज दिलाया, महिला कुश्ती में 63 किलोग्राम भार वर्ग में सोनम ने ब्रॉन्ज मेडल देश के नाम किया, महिला कुश्ती के 76 किलोग्राम भार वर्ग के फ्रीस्टाइल इवेंट में किरण ने भी ब्रॉन्ज दिलवाया, वहीं पुरुष कुश्ती में 20 साल के अमन ने ब्रॉन्ज मेडल दिलवाया और इन सभी खिलाड़ियों के योगदान से भारत के नाम पहली बार 100 मेडल हो गए हैं।

इन खेलों में फाइनल में पंहुचे, गोल्ड की उम्मीद
क्रिकेट में पुरुष टीम ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 9 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। वहीं बैडमिंटन डबल्स के फाइनल में सात्विक और चिराग ने अपनी जगह पक्की कर एशियाई खेलों में बैडमिंटन डबल्स के फाइनल में पहुंचने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। कबड्डी में भारत की विमेंस और मेन्स टीम ने फाइनल में जगह बना ली है। महिला टीम ने सेमीफाइनल में नेपाल को 61-17 से मात दी। फाइनल मुकाबला विमेंस इंडिया और विमेंस चीनी ताइपे के बीच शनिवार को होगा। पुरुष कबड्डी टीम ने सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 61-14 से करारी शिकस्त दी और फाइनल में जगह पक्की कर ली है।