देवरिया। मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की बंपर जीत हुई है। तीन राज्यों में बीजेपी ने जीत के साथ ही कांग्रेस को निराशा हाथ लगी है। इनमें से 2 राज्य राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार थी। राजनीतिक पंडितों के साथ-बाथ एग्जिट पोल में मध्यप्रदेश और राजस्थान में बीजेपी सरकार की उम्मीद थी, लेकिन छत्तीसगढ़ में जनता ने चौंकाते हुए बीजेपी को चुना है। वहीं तेलंगाना में राज्य बनने के बाद से सत्ता पर काबिज बीआरएस को कांग्रेस ने बेदखल कर दिया है।

मध्यप्रदेश में 163 सीटों पर बीजेपी का परचम
मध्यप्रदेश की 230 सीटों में से बीजेपी ने 163 सीटों पर जीत का परचम लहराकर पूर्ण बहुमत हासिल किया है। हालांकीइइस बड़ी जीत के बाद भी बीजेपी के कई ऐसे बड़े चेहरे थे जिन्हें हार का सामना करना पड़ा। इनमें नरोत्तम मिश्रा, फग्गन सिंह कुलस्तेे, कमल पटेल, माया सिंह और सिंधिया की करीबी इमरती देवी जैसे नेताओं के नाम शामिल हैं। चुनाव से पहले प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा में कड़ी टक्कर देखने को मिल रही थी। किसी के भी एक तरफा जीत की उम्मीद नहीं थी। लेकिन 163 सीटों से जीत ने साबित कर दिया है कि केंद्र के साथ ही राज्य में भी जनता को भाजपा पर भरोसा है। पिछले चुनाव में कांग्रेस ने 116 सीटों पर जीत कर सरकार बनाई थी। इस साल कांग्रेस महज 66 सीटों पर सिमटी हुई दिखी। भाजपा को इस बार 54 सीटें ज्यादा मिली जबकि कांग्रेस 47 सीटों के नुकसान पर है।

छत्तीसगढ़ में जनता ने चौकाया

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों के अनुमानों में ज्यादातर कयास कांग्रेस सरकार के दोहराए जाने के लगाए गए थे। लेकिन अनुमानों से परे विधानसभा चुनाव के नतीजों में भाजपा को प्रदेश में 90 में से 54 सीटों पर जीत मिली है। वहीं कांग्रेस ने 36 सीटों पर जीत हासिल की है। कांग्रेस के कई मौजूदा मंत्री और बड़े नामों को भी हार का सामना करना पड़ा है। अंबिकापुर सीट जो कि शुरुआत से ही कांग्रेस का गढ़ रहा वहां से मौजूदा विधायक और डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव को भी हार का सामना करना पड़ा। । वहीं कवर्धा के दमदार विधायक मोहम्मद अकबर को भी नए चेहरे विजय शर्मा ने मात दी है। 2018 चुनावों में मोहम्मद अकबर ने छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा अंतर से जीत दर्ज की थी। 2018 चुनावों के मुकाबले भाजपा को 39 सीटों की बढ़त मिली है और कांग्रेस को 33 सीटों का नुकसान हुआ है।

राजस्थान में 69 सीटों पर सिमटी कांग्रेस
राजस्थान विधानसभा चुनाव के नतीजों पर पूरे देश की नजर थी। यहां सत्ता परिवर्तन की परंपरा इस बार भी जारी रही और जनता ने अगले पांच सालों के लिए भजापा की सरकार को चुना है। राजस्थान में भी मध्यप्रदेश की तरह ही कांग्रेस-बीजेपी में कड़ी टक्कर का अनुमान लगाया जा रहा था। लेकिन 199 सीटों में कांग्रेस को केवल 69 सीटों पर ही जीत मिली। जबकि साल 2018 में कांग्रेस ने 100 सीटें जीतकर बहुमत की सरकार बनाई थी और भाजपा 73 सीटों पर सिमट कर रह गई थी। 2018 विधानसभा चुनावों के मुकाबले राजस्थान में भाजपा को 42 सीटों की बढ़त मिली है और कांग्रेस 31 सीटों के नुकासन पर है

तेलंगाना में बनी कांग्रेस की सरकार

तेलंगाना के गठन के बाद से ही यहां पर लगातार तेलंगाना राष्ट्र समिति, टीआरएस की सरकार थी जिसका नाम अब भारत राष्ट्र समिति, BRS) कर दिया गया है। लेकिन जैसा कि इस बार के एग्जिट पोल में भी अनुमान लगाया गया था कांग्रेस ने बाजी मारी और बीआरएस को पछाड़ दिया। बता दें तेलंगान की 119 सीटों में से 64 सीटों पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है और अब बहुमत की सरकार बनाने को भी तैयार है। वहीं बीआएस को 39 सीटें मिली हैं और भाजपा को 8 सीट। तेलंगाना में इस बार एआईएमआईएम को 7 सीटें मिली हैं। कांग्रेस को पिछले चुनावों से 45 सीटें ज्यादा मिली हैं वहीं बीआरएस 49 सीटों के नुकसान पर है। भाजपा ने भी पिछले चुनावों से 7 सीटें ज्यादा जीती हैं।

नतीजों के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- “मैं भाजपा कार्यकर्ताओं से भी कहूंगा, प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता, नमो एप पर जाए और कम से कम 10 लोगों को विकसित भारत का एंबेसडर बनाए। हमें आज एक ऐसी पीढ़ी तैयार करनी है, जिसका सपना हो विकसित भारत, जिसका संकल्प हो विकसित भारत। मोदी की गारंटी वाली गाड़ी, देश की सफलता की गारंटी बनेगी, ये भी मोदी की गारंटी है। आपको एक और बात याद रखनी है- जहां दूसरों से उम्मीद खत्म होती है, वहां से मोदी की गारंटी शुरू होती है।”

आज की हैट्रिक 2024 की हैट्रिक की गारंटी
पीएम मोदी ने कहा कि- “लोकतंत्र के हित में, मेरी कांग्रेस और उसके साथियों को एक और सलाह है। कृपया करके ऐसी राजनीति ना करें जो देश विरोधी हो, जो देश को बांटने का, देश को कमजोर करने का काम करे। भाजपा केवल वादे नहीं करती, बल्कि उन वादों को पूरा करने में जान भी झोंक देती है। इसलिए ही आज की हैट्रिक ने 2024 की हैट्रिक की गारंटी दे दी है।”