देवरिया। दिल्ली के शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार सीएम अरविंद केजरीवाल की गुरुवार को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेशी हुई। ईडी ने केजरीवाल को पेश कर एक बार फिर रिमांड में देने की मांग की। कोर्ट ने ईडी के पक्ष में फैसला सुनाते हुए 1 अप्रैल तक केजरीवाल की रिमांड ईडी को दे दी है। आपको बता दें ईडी ने 21 मार्च को केजरीवाल को गिरफ्तार किया था और 22 मार्च को कोर्ट में पेश कर 6 दिन की रिमांड ली थी। रिमांड 28 मार्च को खत्म होने पर कोर्ट मे पेश कर फिर रिमांड की मांग की गई थी जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है।

केजरीवाल ने कोर्ट में क्या कहा

कोर्ट में सुनवाई के दौरान जब ईडी ने कोर्ट से केजरीवाल की रिमांड आगे बढ़ाई जाने की मांग की तब केजरीवाल ने कोर्ट में इसका विरोध किया। केजरीवाल ने कहा कि- “ईडी आम आदमी पार्टी को खत्म करना चाहती है।” लेकिन कोर्ट ने दलीलें सुनने के बाद ईडी की मांग मानी और रिमांड आगे बढ़ा दी। 6 दिन ईडी की रिमांड में रहने के अब केजरीवाल को 4 दिन और रिमांड में रहना होगा।

ईडी के वकील ने कोर्ट में क्या कहा

ईडी की तरफ से वकील एसवी राजू मामले की पैरवी कर रहे हैं। उन्होंने कोर्ट में कहा कि अरविंद केजरीवाल के बयान रिकॉर्ड हुए हैं, वे गोलमोल जवाब दे रहे हैं। उनका बाकी आरोपियों के साथ आमना-सामना कराना है। इसके अलावा केजरीवाल इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसों के पॉसवर्ड नहीं बता रहे हैं। वह कह रहे हैं कि वकीलों से बात करके देंगे। इसके बाद अरविंद केजरीवाल ने कोर्ट से कहा कि वह कुछ कहना चाहते हैं, इस बात की कोर्ट से इजाजत मांगी। कोर्ट ने कहा कि आप लिखित में दे दीजिए तो केजरीवाल ने कहा कि प्लीज मुझे बोलने दीजिए।

केजरीवाल ने कोर्ट में कहा- “मैं ईडी का धन्यवाद देता हूं”

कोर्ट में केजरीवाल ने कहा कि- “मुझे किसी भी अदालत ने दोषी नहीं पाया है। ईडी और सीबीआई ने हजारों पन्नों की रिपोर्ट लगाई है। मैं ईडी का धन्यवाद देना चाहता हूं। ये केस दो साल से चल रहा है। आप सभी कागजों को पढ़ेंगे तो पूछेंगे कि आखिर मुझे गिरफ्तार क्यों किया गया? केजरीवाल ने कहा कि क्या एक मुख्यमंत्री को गिरफ्तार करने के लिए यह उचित ग्राउंड है”।