बुधवार को जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के कोकेरनाग इलाके में हुई मुठभेड़ में सेना के 3 बड़े अफसरों ने शहादत दी।शहीद होने वाले अधिकारियों में कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष धोनैक और डीएसपी हुमायूं भट शामिल हैं। शहीदों का उनके गृह ग्राम में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। परिवार वालों की आंखों में गर्व के भाव भी थे और साथ में अपने बेटे, पिता और पति को खोने का गम भी। अंतिम संस्कार में उमड़ी भीड़ ने भारत माता की जय के नारे लगाकर सपूतों को विदा किया। लेकिन परिजनों के आंसुओं ने सबको रुला दिया।


शहीद के 7 साल के बेटे ने दी सलामी
आतंकी हमले में शहीद कर्नल मनप्रीत सिंह का पार्थिव शरीर जब उनके गांव पहुंचा तो उनका7 साल के बेटा पार्थिव शरीर लेने पहुंचा। पूरे गांव ने शहीद मनप्रीत की अंतिम यात्रा पर पुष्पवर्षा की और उनके नाम के नारे लगाकर श्रद्धांजलि दी। घर पहुंचने पर सभी जरूरी अंतिम रिवाज पूरे किए गए। लेकिन एक पल ऐसा आया जब सख्त से सख्त दिल वाला भी खुद को रोने से नहीं रोक पाया, जब मनप्रीत सिंह के 7 साल के बेटे ने आर्मी वाली ड्रेस में अपने शहीद पिता को सलामी दी। भावुक कर देने वाले इस पल का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, इस देखने वाले हर किसी की आंखें नम हो रही हैं।

मेजर आशीष की मां बोली- “मैं आज नहीं रोऊंगी”
मेजर आशीष धोनैक का पार्थिव शरीर जब घर पहुंचा तब सबका रो-रोकर बुरा हाल था। गांव वाले भारत माता की जय के नारे लगा रहे थे। लेकिन शहीद आशीष की मां नहीं रो रही थीं। उन्होंने कहा-“ मैं रोऊंगी लेकिन आज नहीं, आज मेरे बेटे की अंतिम विदाई है। मेरे बेटे ने देश के लिए कुर्बानी दी है। दर्द तो बहुत है पर आज नहीं रोऊंगी”। आपको बता दें 23 अक्टूबर को आशीष के नए घर का गृह प्रवेश था और उसी दिन उनका जन्मदिन भी था। गृह प्रवेश के लिए वो घर आने वाले थे। आशीष की तीन साल की एक बेटी भी है।

आखिरी समय में शहीदभट्ट ने पत्नी को किया था वीडियो कॉल
डीएसपी हुमायु भट्ट जब आतंकियों की गोली से घायल हुए तब उन्होंने अपनी पत्नी फातिमा को वीडियो कॉल किया था। उन्होंने बताया कि उनको गोली लगी है। हुमायु भट्ट ने कहा- “मैं शायद ना बच पाऊं, बेटे का ख्याल रखना।” हुमायु भट्ट को ढूंढने में सेना को समय लगा, जब तक उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया स्थिति खराब हो चुकी थी। अस्पताल में उन्होंने अपनी पत्नी फातिमा और बेटे को देखते ही दम तोड़ दिया। बता दें 27 सितंबर को हुमायूं और फातिमा की शादी की पहली सालगिरह होती। उनका एक महीने का बेटा भी है।