देवरिया। इस हफ्ते सिल्वर स्क्रीन पर दो बड़ी फिल्में रिलीज हुई हैं। इनमें से एक है सनी देओल की गदर-2 और दूसरी है अक्षय कुमार की OMG-2। दोनों ही फिल्में पहली का सीक्वल हैं। दर्शकों को दोनों फिल्मों का बेसब्री से इंतजार था। ट्रेलर देखने के बाद ही फिल्मों की दमदार ओपनिंग का अंदाजा लगा लिया गया था। गदर-2 की टिकटों की रिकॉर्ड तोड़ प्री बुकिंग हुई और ऑन द स्पॉट भी सिनेमाघरों में टिकटों के लिए सुबह से लाइन लगी हुई मिली। गदर-2 के लिए गदर देखने को मिल रहा है, तो ओह माय गॉड को भी दर्शक बहुत पसंद कर रहे हैं। आइए जानते हैं दोनों फिल्मों का बॉक्स ऑफिस हाल।
धमाकेदार रही गदर-2 की ओपनिंग
सनी देओल और अमीषा पटेल स्टारर फिल्म गदर-2 को छोटे और बड़े शहरों के सभी सिनेमाघरों में बेहतरीन ओपनिंग मिली है। रिलीज से डेट से पहले ही फिल्म ने प्री बुकिंग से 17.60 करोड़ रुपए कमा लिए । इस फिल्म को सनी देओल की अब तक की सबसे सफल ओपनिंग मानी जा रही है। लंबे अरसे के बाद फिल्मों का रुख करने वाली अमिषा पटेल के लिए यह फिल्म काफी लकी साबित हो रही है। क्योंकि गदर की सकिना को लोग आज भी उतना प्यार दे रहे हैं जितना कि गदर के समय दिया था।
गदर से कितनी अलग है गदर-2 की कहानी
‘गदर’ की कहानी भारत पाकिस्तान के विभाजन के समय की थी वहीं गदर-2 की कहानी 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के शुरू होने से पहले की है। पहली गदर का पूरा नाम था गदर एक प्रेमकथा। फिल्म की कहानी भी एक प्रेम कथा ही थी। जिसमें सनी देओल अपने प्यार सकीना को वापस भारत लाने के लिए पाकिस्तान से लड़ जाता है। इस बार कि फिल्म ‘गदर-2 द कथा कन्टीन्यूज’ आपको एहसास तो पहली वाली गदर का ही देगी लेकिन इस बार कहानी बिल्कुल अलग है। इस बार सनी देओल पाकिस्तान तो जाता है लेकिन सकीना के लिए नहीं बल्कि अपने बेटे जीते को पाकिस्तान से छुड़ाकर वापस भारत लाने के लिए। अब जीते पाकिस्तान कैसे पहुंचता है और सनी देओल किस तरह से उसे वापस भारत लाता है यह देखने के लिए आपको
सिनेममाघरों तक जाना होगा।
बॉलिवुड प्रेमियों के लिए बेहतरीन फिल्म
अगर कोई फिल्म किसी फिल्म का सेकंड पार्ट होती है या सिक्वल होती है तो जरूरी होता है कि दर्शक फिल्म को फर्स्ट पार्ट से कनेक्टेड महसूस कर सकें। गदर-2 में पूरी फिल्म में आपको यह महसूस होगा कि आप फिल्म गदर का अगला एपिसोड देख रहे हैं। फिल्म की शुरुआतफर्स्ट पार्ट के चुनिंदा फुटेज के साथहोती है। फिल्म का फर्स्ट हाफ थोड़ा स्लो लग सकता है लेकिन इंटरवल के पहले ही काहानी जोर पकड़ने लगती है। और सेकंड हाफ में कहानी तेजी से आगे बढ़ती है। इंटरवल के बाद दर्शकों को वो देखने को मिलेगा जिसके लिए वो थियेटरतक गए हैं यानी की सनी देओल का एक्शन सीन। फिल्म का क्लाईमैक्स भी जोरदार है। डायरेक्टर अनिल शर्मा ने गदर 2 में फिल्म गदर को बड़ी खूबसूरती से जोड़ा है। फिल्म में आपको एक्शन, इमोशन और देशभक्ति का एक बैलेंस्ड मिक्स मिलेगा। एक्शन सीन कहीं-कहीं पर जरूर इनलॉजिकल लगेंगे लेकिन हिंदी सिनेमा के दर्शकों को इसकी आदत है और ऐसे सीन्स पर ही सबसे ज्यादा सीटी और तालियां बजती हैं।
कैसी है फिल्म ओएमजी-2
ओएमजी को भी दर्शकों का काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। यह फिल्म पहली ओएमजी की तरह ही समाज के गंभीर मुद्दे पर बनी है। बहुत से फिल्म समीक्षकों का कहना है कि फिल्म को ए सर्टिफिकेट देना बहुत बड़ी गलती है। इस फिल्म को हर एक बच्चे को देखना चाहिए। क्योंकि इसमें सेक्स एजुकेशन से संबंधित कहानी दिखाई गई है। इस फिल्म में अक्षय कुमार को एक हीरो की तरह नहीं दिखाया गया है बल्कि फिल्म की कहानी और डायरेक्शन ही अपने आप में फिल्म का हिरो है। अक्षय कुमार का किरदार काफी समझदारी से फिल्म को आगे बढ़ाता है और कहीं पर भी हीरो बनने की कोशिश नहीं करता। पूरी फिल्म आपको बांध कर रखेगी और अंत में समाज को एक अच्छी सीख देकर जाएगी।
क्या है फिल्म की कहानी
फिल्म में कांतिलाल यानी पंकज त्रिपाठी एक आम दुकानदार है और उनकी एक छोटी से दुकान है। कांतिलाल को शिव का बहुत बड़ा भक्त दिखाया गया है। लेकिन एक आम आदमी के जीवन में उस समय भूचाल आ जाता है जब उसके बेटे के स्कूल से उसे बुलावा आता है। स्कूल के द्वारा की गई शिकायत भी ऐसी है जिसका जवाब कांतिलाल के पास नहीं होगा। बाद में वह अपने आराध्य शिव से इस समस्या का समाधान मांगता है और शिव उसे रास्ता दिखाते हैं। दरअसल कांतिलाल का बेटा गलत जानकारी और स्कूल में गलत ढंग से चिढ़ाए जाने के कारण मेडिकल स्टोर से नकली वियाग्रा खाकर बीमार हो जाता है। स्कूल में पता चलने पर उसे अपराधी की तरह देखा जाता है। कांतिलाल भी बेटे की इस हरकत पर शर्मिंदा महसूस करते हैं। लेकिन बाद में शिव की कृपा होती है और कांतिलाल स्कूल के संचालकों, नीम हकीमों, जड़ी-बूटी विक्रेताओं और मेडिकल स्टोर संचालक के साथ साथ अपने ऊपर भी मुकदमा कर देता है और मुकदमा लड़ता भी खुद है। यहां से शुरू होता है फिल्म का असली ट्विस्ट।
गदर-2 और ओएमजी-2 दोनों ही अपने आप में दो अलग-अलग विषयों पर बनी फिल्म है और दोनों के अपने-अपने दर्शक ग्रुप हैं। काफी दिनों बाद बॉलिवुड में 2 अच्छी फिल्में एक साथ रिलीज हुई हैं। हालांकी प्री बुकिंग और ओपनिंग के मामले में अभी गदर-2 आगे चल रही है। लेकिन अभी कुछ कहा नहीं जा सकता दमदार कहानी के बलबूते पर ओएमजी-2 भी रेस में आगे निकल सकती है।