देवरिया। अमेरिका ने पाकिस्तान की आतंकी साजिशों को तगड़ा झटका देते हुए द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) को आधिकारिक रूप से एक आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है। यह संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ है और पाकिस्तान में सक्रिय है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इस फैसले की जानकारी साझा की। खास बात यह है कि अमेरिका ने TRF को पहलगाम आतंकी हमले के लिए भी जिम्मेदार ठहराया है, जिसमें 26 पर्यटकों की जान गई थी।

पहलगाम हमले की जिम्मेदारी TRF ने ली थी

विदेश मंत्री रुबियो ने कहा कि- “TRF को आतंकी संगठन घोषित करना अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है। इससे यह भी जाहिर होता है कि अमेरिका आतंकवाद के खिलाफ और पहलगाम हमले के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए गंभीर है”। TRF ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी, और अमेरिका ने इसे 2008 के मुंबई हमले के बाद भारत में आम नागरिकों के लिए सबसे खतरनाक आतंकी संगठन बताया है।

पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झटका

TRF पर आतंकवादी ठप्पा लगने के बाद पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पाकिस्तान लंबे समय से ऐसे आतंकी संगठनों को पनाह देता रहा है और उन्हें भारत के खिलाफ इस्तेमाल करता है। TRF पर अब सख्त अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध लगाए जाने की संभावना है। यह संगठन कश्मीर में भारतीय सुरक्षाबलों पर कई हमलों में भी शामिल रहा है। अमेरिका ने यह भी माना है कि TRF सीधे तौर पर भारत में आतंकी गतिविधियों और सुरक्षा बलों पर हमलों से जुड़ा रहा है।