देवरिया। रविवार सुबह हरिद्वार के प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर मार्ग पर भीषण भगदड़ ()stampede in mansa devi temple मचने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में 8 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 35 लोग घायल हुए हैं। घायलों में पांच की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।  

कैसे हुआ हादसा?

रविवार सुबह करीब नौ बजे मंदिर की ओर चढ़ाई कर रहे श्रद्धालुओं में करंट लगने की अफवाह फैल गई। इससे श्रद्धालुओं में अचानक भगदड़ मच गई। भीड़ के दबाव में कई लोग गिर पड़े और कुछ दब गए, जिससे मौके पर ही कई लोगों की जान चली गई। सावन का महीना और रविवार होने की वजह से मंदिर में भीड़ बहुत ज्यादा थी जिससे हादसा (stampede in mansa devi temple) बड़ा हो गया।

घायलों से मिले सीएम, मुआवजे का ऐलान

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तुरंत घटनास्थल का दौरा किया और अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की। उन्होंने प्रशासन को मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। वहीं, मनसा देवी ट्रस्ट ने भी अलग से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये की मदद देने की बात कही है। मंदिर ट्रस्ट ने भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने और इलाज के बाद घर पहुंचाने में मदद कर रहा है।