देवरिया। उत्तर प्रदेश के गोंडा के पास चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस हादसे का शिकार हो गई। हादसे में ट्रेन के 14 डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे में 4 यात्रियों की मौत हो गई है जबकी करीब 31 यात्री घायल हैं। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। गंभीर रूप से घायल 2 यात्रियों को लखनऊ रेफर किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेकर स्थानीय प्रशासन को प्रभावित यात्रियों की हरसंभव मदद का निर्देश दिया है। उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि घायलों को सही चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो।
14 कोच पटरी से उतरकर पलटे
रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक ट्रेन नंबर 15904, चंडीगढ़ से बुधवार रात 11.59 बजे डिब्रूगढ़ के लिए रवाना हुई थी। गुरुवार को ट्रेन गोंडा रेलवे स्टेशन पर दोपहर 2.25 बजे पहुंची और 2.28 बजे यहां से निकली। गोंडा से 18 किलोमीटर आगे बढ़ने के बाद ही मोतीगंज-झिलाही बाजार के बीच करीब पौने तीन बजे एक-एक करके 14 कोच पटरी से उतरकर पलट गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया, हादसे के बाद करीब 500 मीटर तक पटरी उखड़ गई। इलेक्ट्रिक लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई।
जलभराव हादसे का प्रारंभिक कारण, धमाके की भी आई आवाज
हादसे के कारणों की जांच अभी बाकी है लेकिन प्रारंभिक दौर पर बारिश के कारण पटरी के दोनों तरफ जलभराव होने से ट्रैक का बैठना हादसे का कारम बताया जा रहा है। कुछ यात्रियों ने और ड्राइवर ने हादसे के वक्त धमाके की आवाज सुनने की भी बात की है, फिलहाल यह जांच का विषय है। ट्रेन की पलटी हुई बोगियों में एसी कोच भी थी जिनमें फंसे यात्रियों को ग्रामीणों ने खिड़की के शीशे तोड़कर बाहर निकाला। सूचना मिलते ही घटना स्थल पर एसडीआरएफ, पुलिस व आरपीएफ के जवान भी पहुंच गए थे।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने घटना पर जताया दुख
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोंडा में हुए रेल हादसे पर दुख जताते हुए अपने एक्स अकाउंटपर लिखा- “जनपद गोण्डा में हुई ट्रेन दुर्घटना अत्यंत दुःखद है।
जिला प्रशासन के अधिकारियों को युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने और घायलों को शीर्ष प्राथमिकता के साथ अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार के लिए निर्देश दिए हैं।
प्रभु श्री राम से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ हेतु प्रार्थना है।”