देवरिया।जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के कोकेरनाग इलाके में बुधवार को हुई मुठभेड़ में सेना के 3 बड़े अफसर शहीद हो गए थे। सेना के लापता जवान की पार्थिव देह भी मिल गई है। शहीद अफसरों में कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष धोनैक और डीएसपी हुमायूं भट शामिल हैं। मंगलवार को रजौरी में राइफल मैन रवि कुमार भी शहीद हुए थे। शहीदों के घर मातम पसरा है। लोग कड़ी कार्रवाई की मांग रहे हैं। अनंतनाग में अभी भी ऑपरेशन जारी है। आतंकी संगठन टीआरएफ ने हमले की जिम्मेदारी ली है।


सर्च ऑपरेशन के वक्त हुई मुठभेड़

बुधवार को अनंतनाग में आतंकियों के होने की सूचना पर सेना के अफसर टुकड़ी लेकर सर्च ऑपरेशन पर निकले थे, उसी वक्त आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर गोली चला दी। आतंकियों और सेना के बीच काफी देर तक मुठभेड़ चलती रही। मुठभेड़ में सेना के जवानों ने 2 आतंकियों को भी मार गिराया।


सेना के डॉग की भी हुई मौत

जम्मू कश्मीर के राजौरी में हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों की एक टुकड़ी का नेतृत्व करते हुए भारतीय सेना के 21 आर्मी डॉग यूनिट में शामिल एक मादा लैब्राडॉर, केंट की भी मौत हो गई। केंट 6 साल की थी और भाग रहे आतंकियों की तलाश कर रहे सेना के जावनों की टुकड़ी में सबसे आगे चल रही थी। आतंकियों की गोली लगने से उसकी मौत हुई। सेना ने केंट को तिरंगे से लपेटकर सम्मान दिया और उसका अंतिम संस्कार किया गया।