देवरिया। हापुड़ में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। बारात से लौट रहे लोगों की बस को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिसके बाद ट्रक बस के ऊपर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना धौलाना-गुलावटी मार्ग पर हुई, जहां बाराती बस को ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी।
6 लोगों की मौत, कई गंभीर
इस हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि बस में 12 से भी ज्यादा लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। बाद में दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को बहाल किया गया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। मुख्यमंत्री ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।