देवरिया। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी एक अधिसूचना में राज्यसभा के लिए मनोनित 4 सदस्यों के नाम का ऐलान किया गया है। इन चारों सदस्यों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नामित किया है। इन सदस्यों में पूर्व विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला, 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के मामले में विशेष लोक अभियोजक रहे उज्ज्वल निकम, केरल से भारतीय जनता पार्टी के नेता सी सदानंदन मास्टर और इतिहासकार मीनाक्षी जैन का नाम शामिल है। आपको बता दें राष्ट्रपति के द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों से संबंधित 12 हस्तियों को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया जाता है।
खाली हुए स्थान पर लेंगे सदस्यता
राज्यसभा में पूर्व में नामित सदस्यों का कार्यकाल अब समाप्त होने वाला है जिससे राज्यसभा में 4 स्थान रिक्त हो जाएगा। इन्हीं रिक्त स्थानों के लिए 4 नए सदस्यों के नाम मनोनित किए गए हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संविधान के अनुच्छेद 80 के खंड (1) के उप-खंड (ए) और खंड (3) के तहत मिले अधिकारी के तहत सदस्यों के नाम नामित किए हैं।
अलग-अलग क्षेत्रों से चुने जाते हैं सदस्य
संविधान के अनुच्छेद 80 में प्रावधान है कि राष्ट्रपति को कला, साहित्य, विज्ञान, सामाजिक सेवा और अन्य क्षेत्रों में अहम योगदान देने वाले हस्तियों को राज्यसभा में नामित करने का अधिकार है। इससे राज्यसभा में हर क्षेत्र से एक प्रतिनिधी का होना सुनिश्चित होता है। ये नियुक्तियां संसद के उच्च सदन में विविध दृष्टिकोण और विशेषज्ञता को शामिल करने के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती हैं।नामित सदस्यों की भूमिका विधायी चर्चाओं में महत्वपूर्ण योगदान देने और राष्ट्रीय हित के मुद्दों पर विचार-विमर्श को समृद्ध करने की होती है।
आपको बता दें नामित सदस्यों में से उज्ज्वल देवराव निकम वही हैं जिनका नाम अजमल कसाब केस के समय चर्चा में था। अजमल कसाब 26/11 मुंबई हमले का इकलौता जिंदा पकड़ा गया आतंकी था। निकम ने कसाब को फांसी देने के लिए जबरदस्त पैरवी की थी। बाद में कसाब को फांसी की सजा दी गई थी।