देवरिया। मंगलवार को यूपी में योगी कैबिनेट का विस्तार किया गया। सुबह से मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर बैठकों और चर्चाओं का दौर जारी थी। जिसमें राष्ट्रीय लोक दल और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विधायकों को भी बुलाया गया था। कैबिनेट में 4 नए मंत्रियों को जगह दी गई है। राजभवन में कैबिनेट विस्तार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इन 4 मंत्रियों ने ली शपथ

नए मंत्रिमंडल में दो भारतीय जनता पार्टी, एक राष्ट्रीय लोक दल और एक सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विधायकों को मंत्री बनाया गया है। नए मंत्रिमंडल में 6 से 7 मंत्रियों को शामिल किए जाने की चर्चा थी लेकिन चार विधायकों को ही मंत्री पद दिया गया जिनमें भाजपा से दारा सिंह चौहान और साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा ने मंत्री पद की शपथ ली, वहीं, सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर और रालोद के अनिल कुमार ने शपथ ग्रहण किया। आपको बता दें हाल ही में रालोद एनडीए में शामिल हुई है।

सीएम योगी ने दी नए विधायकों को बधाई

नए मंत्रियों को सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्स अकाउंट पर ट्विट कर बधाई दी। सीएम ने अपने अकाउंट पर लिखा- “उत्तर प्रदेश सरकार में आज मंत्री पद की शपथ लेने वाले सभी साथियों को हार्दिक बधाई! पूर्ण विश्वास है कि आप सभी ‘मोदी की गारंटी’ को धरातल पर उतारते हुए ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प की सिद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। आप सभी के उज्ज्वल कार्यकाल के लिए मेरी मंगलमय शुभकामनाएं! ”

लोकसभा में प्रदेश की सभी सीटें जीतेंगे: राजभर


मंत्री पद की शपथ लेने के बाद ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि- “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश तरक्की कर रहा है। आज उनके नेतृत्व में प्रदेश आगे बढ़ रहा है। हम 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए काम करेंगे और प्रदेश की सभी सीटों पर जीत दर्ज करेंगे।” आपको बता दें कि राजभर योगी सरकार के पहले कार्यकाल में भी मंत्री पद पर थे लेकिन विधानसभा चुनाव से पहले वो सपा गठबंधन में शामिल हो गए थे।