देवरिया।
रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ICC वर्ल्डकप का फाइनल मैच भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया। फाइनल में भारत को 6 विकटों से हार का सामना करना पड़ा। इंडियन क्रिकेट टीम ने पूरे टूर्नामेंट में फाइनल से पहले 10 मैच खेले और सभी में शानदार प्रदर्शन किया, जिसके बाद सभी को इस बार ट्रॉफी घर आने की उम्मीद थी। फाइनल में हारने के बाद करोड़ों भारतीय क्रिकेट फैंस के दिल टूट गए। मैदान पर खिलाड़ी और मैदान के बाहर क्रिकेट फैंस काफी भावुक नजर आए। फैंस की उम्मीद तो टूटी है लेकिन सोशल मीडिया पर सभी टीम इंडिया का हौसला बढ़ाते हुए नजर आ रहे हैं। ट्रॉफी ना सही पर भारतीय टीम के पास वर्ल्डकप के दूसरे कई अवॉर्ड्स आए हैं।



फाइनल मैच के बाद वर्ल्डकप के दूसरे अवार्ड्स की घोषणा की गई जिसमें भारत के हिस्से में कुल 6 अवॉर्ड आए हैं। जो इस प्रकार हैं-

प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट विराट कोहली
गोल्डन बैड विराट कोहली, 765 रन
गोल्डन बॉल मोहम्मद शमी, 24 विकेट
सर्वाधिक रन विराट कोहली, 765
सर्वाधिक छक्के रोहित शर्मा, 31
बेस्ट गेंदबाजी फिगर मोहम्मद शमी, 7/57



रोहित शर्मा ने क्या कहा

मैच के बाद टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा, “इस मैच का रिजल्ट हमारे अनुकूल नहीं रहा। हमने सब कुछ करने की कोशिश की, लेकिन ऐसा नहीं होना था। केएल राहुल और विराट कोहली अच्छी साझेदारी कर रहे थे। हम 270-280 के स्कोर की तरफ देख रहे थे, लेकिन हम लगातार विकेट खोते रहे. जब आपके स्कोर बोर्ड पर 240 रन होते हैं तो विकेट लेना जरूरी होता है।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया ट्विट

आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी फाइनल मैच में अहमदाबाद के स्टेडियम पहुंच थे। उन्होंने ही अपने हाथों से वर्ल्डकप की ट्रॉफी ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान को सौंपी। भारत की हार के बाद खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा-

“डियर टीम इंडिया
विश्व कप के दौरान आपकी प्रतिभा और आपका दृढ़ संकल्प उल्लेखनीय था। आपने बहुत अच्छे जज्बे के साथ खेला और देश को बहुत गौरव दिलाया।
हम आज भी और हमेशा आपके साथ हैं”

सीएम योगी ने ऑस्ट्रेलिया को दी बधाई, टीम इंडिया का हौसला बढ़ाया

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी अपने एक्स अकाउंट पर संदेश लिखकर विजेता टीम को बधाई दी और भारतीय टीम को प्रोत्साहित भी किया। उन्होंने लिखा-
“विश्व कप प्रतियोगिता जीतने की आस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीम को बधाई!

पूरी प्रतियोगिता में अपनी उत्कृष्ट खेल भावना और शानदार प्रदर्शन से करोड़ों खेल प्रेमियों का मन जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम का हार्दिक अभिनंदन!

आपने देश का मानवर्धन किया है। हमें आप पर गर्व है।

जय हिंद”

ड्रेसिंग रूम पहुंचे पीएम

दिल टूटने के बाद भी भारत के करोड़ों फैन्स सपने की तरह टूर्नामेंट में प्रदर्शन करने वाली अपनी टीम का हौसला बढ़ाते दिखे। रोहित शर्मा के आंसू पर चाहने वाले दिल खोलकर अपनापन लुटाया। आचोलक भी इस बात से इनकार नहीं कर रहे कि विश्व कप में भारत विजेता की तरह खेली। मैच के बाद पीएम मोदी ड्रेसिंग रूम पहुंचे और खिलाड़ियों से मिलकर उनको हिम्मत दी। जैसे भारतीय टीम का ऐसा शानदार प्रदर्शन पहले नहीं देखा गया, वैसे ही फैन्स का इतना बड़ा दिल भी पहले नहीं देखा गया। रविंद्र जडेजा और मोहम्मद शमी ने ड्रेसिंग रूम से तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें पीएम मोदी जडेजा से हाथ मिलाते और शमी को गले लगाते नज़र आ रहे हैं।