देवरिया। कहते हैं शौक से बड़ी कोई चीज नहीं होती है। ऐसे ही एक शौक ने उत्तर प्रदेश की स्मिता श्रीवास्तव का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज करा दिया है। प्रयागराज के अल्लापुर की रहने वाली स्मिता श्रीवास्तव ने अपने लंबे बालों के लिए वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम कर लिया है। उनका नाम सबसे लंबे बालों वाली महिला के रूप में गिनीज बुक में दर्ज हो चुका है। स्मिता के बालों की लंबाई 7 फीट नौ इंच है।
14 साल की उम्र से नहीं कटाए बाल
स्मिता को बचपन से ही लंबे बालों का शौक था। उनकी मां के बाल भी काफी लंबे और घने थे जिन्हें देखकर उन्हें भी लंबे बाल रखने का शौक हुआ। उन्होंने तय किया कि वो लंबे समय तक बाल नहीं कटाएंगी और बालों को लंबा करेंगी। बालो को लंबा करने का उनका यह शौक इतना बढ़ा कि आज वो 46 साल की हैं और 14 साल की उम्र से अब तक यानी कि 32 सालों से उन्होंने बाल नहीं कटवाए हैं। आज उनका यही शौक उनकी पहचान बन गई है।
लिम्का बुक में भी दर्ज हो चुका है नाम
स्मिता का नाम साल 2012 में भी लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज हो चुका है। इसके अलावा उन्हें कई सम्मान भी मिल चुका है। स्मिता ने अपने लंबे बालों के साथ दिल्ली में हुए एक फैशन शो में रैंप वॉक भी कर चुकी हैं। उन्हें अपने बालों की देखभाल करने के लिए खास समय देना होताहै। उन्हें बाल धोने से लेकर सुखाने और फिर सुलझाने में पूरे 3 घंटे का समय लगता है। वो हफ्ते में सारा प्रोसेस 2 बार करती हैं।
परिवार भी देता है साथ
स्मिता के हस्बैंड अल्लापुर में एक बिजनसमैन हैं। उनके दो बेटे हैं, बड़ा बेटा नोयडा से बीटेक कर रहा है और छोटा बेटा सातवीं कक्षा में पढ़ता है। उनका कहना है कि शादी से पहले उनकी बहनें और मां उनके संबे बालों के शौक में उनका पूरा साथ देती थीं और शादी के बाद पति और बच्चे उन्हें अपना शौक पूरा करने में सहयोग करते हैं।