देवरिया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने साल के आखिरी दिनों में देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। कोहरे के साथ ही भारत के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में 30 दिसंबर से बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। आईएमडी ने कहा, “ताजा पूर्वी लहर के प्रभाव में, 30 दिसंबर से 02 जनवरी, 2024 तक दक्षिण तमिलनाडु और केरल में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है.” स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक भी अगले दो दिनों तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में रात और सुबह के दौरान घना से बहुत घना कोहरा जारी रह सकता है। ठंड और कोहरे की वजह से उत्तर प्रदेश से चलने वाली कई ट्रेनें, और उड़ान रद्द कर दी गई हैं।

पहाड़ों में हो रही बर्फबारी का असर प्रदेश में

पहाड़ों में हो रही बर्फबारी काअसर पूरे प्रदेश में दिख रहा है। शुष्क हवा चलने के कारण सुबह घना कोहरा छाया रहता है। शीतलहर चलने से पूरे प्रदेश में ठिठुरन बढ़ गई है। आगरा, लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गाजियाबाद, बरेली, बहराइच, अयोध्याप में आने वाले दिनों में पारा और लुढ़कने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, नए साल की शुरुआत में तापमान में और गिरावट आने से सर्दी बढ़ने की संभावना है।

कानपुर में ठंड ने तोड़ा चार साल का रिकॉर्ड

कानपुर में पड़ रही कड़ाके की ठंड ने पिछले चार साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। तीन साल बाद 28 दिसंबर सबसे ठंडा दिन रहा। धूप नहीं निकलने की वजह से अधिकतम तापमान गिरकर 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री रहा। इससे पहले 2019 में अधिकतम तापमान 12.6 डिग्री था। कोहरे के कारण विजिबिलिटी जीरो हो गई है, साथ ही शीतलहर भी कहर बरपा रही है।

स्कूलों में घोषित की गई छुट्टी

प्रदेश में अचानक बढ़ी ठंड के चलते बहुत से स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है, वहीं कई स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। मेरठ, झांसी, गाजियाबाद, नोयडा, ईटावा और झांसी के डीएम ने स्कूलों में अवकाश की घोषण कर दी है। कक्षा एक से आठ तक 30 दिसंबर तक छुट्टी की घोषणा की गई है और आगरा में 12वीं तक की कक्षाओं की 30 दिसंबर तक छुट्टी घोषित कर दी गई है। मौसम को देखते हुए छुट्टी के दिन बढ़ाए भी जा सकते हैं।


मौसम विभाग ने इन शहरों को दी घने कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों में घने कोहरे की चेतावनी दी है। कोहरे के चलते सड़कों की विजिबिलीटी बहुत कम हो जाती है, स्थानीय प्रशासन ने सावधानी पूर्वक और धीमी गती से वाहन चलाने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, गाजियाबाद, हापुर, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, शाहजहांपुर, बदायूं एवं आसपास इलाकों में घना कुहरा होने की संभावना है। बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, शामली, बागपत, मेरठ, इटावा, औरैया, अमरोहा, बरेली, पीलीभीत, संभल, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आसपास इलाकों में कोहरा होने की संभावना है।

इन शहरों के लिए कोल्ड डे की चेतावनी


मौसम विभाग ने बांदा, गोंडा, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, बाराबंकी, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी एवं आसपास इलाकों में शीत लहर चलने की संभावना जताई है।