देवरिया। उत्तर प्रदेश में मंगलवार को वृंदावन में एक जर्जर मकान की दीवार गिरने से एक बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में 5 लोगों ने अपनी जान गंवा दी और 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बांके बिहारी मंदिर के पास हुआ। मृतकों में सभी श्रद्धालु हैं, जो दर्शन के लिए वृंदावन आए हुए थे। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया की बंदरों की आपस की लड़ाई में हुई उछल-कूद में यह हादसा हो गया।

बांके बिहारी मंदिर से 200 मीटर दूर हुआ हादसा
यह हादसा बांके बिहारी मंदिर से महज 200 मीटर की दूरी पर हुआ। 15 अगस्त होने के कारण छुट्टी की दिन की तरह मंगलवार को मंदिर में आम दिनों की अपेक्षा ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे हुए थे। जिस स्थान पर हादसा हुआ वह बांके बिहारी मंदिर जाने का रास्ता है। हादसे के वक्त वहां से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुजर रहे थे।

संकरी गली में था जर्जर मकान
जिस मकान की दीवार गिरने से हादसा हुआ है वह काफी संकरी गली में है और जर्जर हालत में था। हादसे के बाद पुलिस और एंबुलेंस को तुरंत फोन किया गया । पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंच कर लोगों को मलबे से निकाला। लेकिन गली संकरी होने की वजह से और लोगों की भीड़ जमा होने की वजह एंबुलेंस घटना स्थल तक नहीं पहुंच पाई। बाद में मृतकों के शवों को और घायलों को ई-रिक्शा की मदद से अस्पताल तक पहुंचाया गया।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने की मुआवजे की घोषणा
वृंदावन में हुए हादसे पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के इलाज के लिए हर प्रकार की सहायता करने के निर्देश दिए हैं और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर युद्ध स्तर पर राहत कार्य संचालित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया है।