देवरिया। मंगलवार को उत्तर प्रदेश के बहराइच में हुई हिंसा के पीड़ितों से सीएम योगी आदित्यनाथ ने मुलाकात की। पीड़ित परिवार और मुख्यमंत्री की मुलाकात सीएम आवास पर ही हुई। सीएम से मिलने मृतक रामगोपाल के माता-पिता और पत्नी पहुंचीं थी। साथ में महसी विधायक सर्वेश्वर सिंह भी मौजूद रहे।

सीएम योगी ने किया ट्वीट
पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद सीएम योगी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा- “जनपद बहराइच की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में काल-कवलित हुए युवक के शोक संतप्त परिजनों से आज लखनऊ में भेंट की। दुःख की इस घड़ी में उत्तर प्रदेश सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता से पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। आश्वस्त रहें, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना यूपी सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। इस घोर निंदनीय और अक्षम्य घटना के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”

क्यों हुई थी हिंसा?
बहराइच के हरदी थाना क्षेत्र के महसी इलाके में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान झड़प हो गई थी। विसर्जन के लिए जाते समय कुछ लोगों ने बज रहे गाने को बंद करने को कहा। लेकिन मूर्ति लेकर जा रहे लोगों ने मना कर दिया। इसके बाद दोनों समुदायों के लोगों में मारपीट शुरु हुई। बाद में हालात इतने बिगड़ गए कि गोली चलने लगी जिसमें एक स्थानीय युवक गोपाल मिश्रा की मौत हो गई।