देवरिया। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को उज्जैन के महाकाल मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन किए। सीएम योगी इंदौर के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे इसी दौरान उन्होंने उज्जैन में रुककर पूजा-अर्चना की। योगी आदित्यनाथ लोकप्रिय सीएम होने के साथ-साथ एक योगी भी है, उनके उज्जैन पहुंचने पर आम जनता और जन प्रतिनिधियों के साथ-साथ महाकाल मंदिर समिति की तरफ से भी भव्य स्वागत किया गया।

बाबा महाकाल का किया अभिषेक, ध्यान भी लगाया
महाकाल के दरबार में योगी आदित्यनाथ ने लगभग आधे घंटे तक पूरे विधि-विधान से पूजा अर्चना और उसके बाद अभिषेक किया। पूजा पूरी होने के बाद उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर कुछ देर ध्यान भी लगाया। यहां से योगी आदित्यनाथ भृतहरि गुफा पहुंचे और वहां पर साधु संतों से भेंट भी की। इसके बाद वे इंदौर के लिए रवाना हो गए। योगी आदित्यनाथ, इंदौर में देवी अहिल्याबाई की 228वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम ‘गुणीजन सम्मान एवं पुरस्कार वितरण’ कार्यक्रम में शामिल हुए।