देवरिया। उत्तर प्रदेश बोर्ड की हाई स्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में शामिल हुए लगभग 55 लाख छात्रों के लिए आज का दिन बेहद अहम रहा। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश (UPMSP) ने आज दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर कक्षा 10वीं और 12वीं के नतीजे घोषित कर दिए हैं। रिजल्ट की घोषणा प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से की गई, जिसके तुरंत बाद आधिकारिक वेबसाइट www.upmsp.edu.in और डिजिलॉकर (result.digilocker.gov.in) पर रिजल्ट चेक करने का लिंक दे दिया गया है। छात्र और उनके अभिभावक इन वेबसाइट्स या इस पेज पर दिए गए डायरेक्ट लिंक के जरिए अपने परिणाम देख सकते हैं।
90.11 फीसदी रहा 10वीं का रिजल्ट
उत्तर प्रदेश बोर्ड की 10वीं कक्षा की परीक्षा में कुल 25,45,815 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से 22,94,122 छात्र-छात्राओं ने सफलता प्राप्त की। इस बार कुल मिलाकर पास प्रतिशत 90.11% रहा। लड़कों की बात करें तो कुल 13,27,024 ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 11,49,884 सफल हुए। इस तरह लड़कों का पास प्रतिशत 88.66% रहा। वहीं, कुल 12,18,791 लड़कियों ने परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से 11,44,138 ने सफलता हासिल की। लड़कियों का पास प्रतिशत 93.87% रहा, जो कि लड़कों से 7.21% अधिक है।
दसवीं में टॉप करे वाले स्टूडेंट्स के नाम
- यश प्रताप सिंह 97.83%
- अंशी 97.67%
- अभिषेक कुमार यादव 97.67
- ऋतु गर्ग 97.50
- अर्पित वर्मा 97.50
- सिमरन गुप्ता 97.50
81.15% रहा 12वीं का रिजल्ट
यूपी बोर्ड की 12वीं की परीक्षा में इस साल कुल 25,98,560 छात्रों ने हिस्सा लिया था। इनमें से 21,08,774 छात्र सफल घोषित किए गए हैं, जिससे कुल पास प्रतिशत 81.15% रहा। अगर लड़कों की बात करें, तो परीक्षा में कुल 13,87,263 लड़कों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 10,62,616 पास हुए और उनका पास प्रतिशत 76.60% रहा। वहीं, लड़कियों की कुल संख्या 12,11,297 रही, जिनमें से 10,46,158 छात्राओं ने सफलता हासिल की और उनका पास प्रतिशत 86.37% दर्ज किया गया। इस प्रकार इस बार भी लड़कियों के पास होने का प्रतिशत लड़कों की तुलना में 9.77% ज्यादा रहा।
12वीं बोर्ड के टॉपर्स की सूची
- महक जायसवाल, प्रयागराज, 97.20%
- साक्षी, अमरोहा, 96.80%
- आदर्श यादव, सुल्तानपुर, 96.80%
- शिवानी सिंह, प्रयागराज, 96.80%
- अनुष्का सिंह, कौशाम्बी, 96.80%
- मोहिनी, इटावा, 96.40