देवरिया। देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश ने आज अपने स्थापना के 76 वर्ष पूरे कर लिए हैं। 24 जनवरी 1950 को अस्तित्व में आए उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस पूरे प्रदेश में मनाया जा रहा है। राजधानी लखनऊ से लेकर प्रदेश के सभी जिलों तक सांस्कृतिक, विकासात्मक और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रमों की धूम देखने को मिल रही है।
इस मौके पर ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर आधारित तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश दिवस 2026 का शुभारंभ शनिवार को लखनऊ के नवनिर्मित राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल में किया गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
‘जन-उत्सव’ के रूप में मनेगा यूपी दिवस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस केवल एक सरकारी आयोजन न होकर जन-उत्सव बनना चाहिए, जिसमें प्रदेश के हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी हो। उन्होंने कहा कि यह अवसर प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता, ऐतिहासिक विरासत और विकास यात्रा को देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा।
‘वन डिस्ट्रिक्ट–वन कुजिन’ मुख्य आकर्षण
इस बार उत्तर प्रदेश दिवस का सबसे बड़ा आकर्षण One District–One Cuisine (ODOC) योजना होगी। इसके तहत प्रदेश के हर जिले से एक खास और पारंपरिक व्यंजन को चुना गया है।
एक ही परिसर में सभी जिलों के प्रसिद्ध व्यंजन उपलब्ध होंगे, जिससे उत्तर प्रदेश के पारंपरिक खान-पान को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय स्वाद को बढ़ावा मिलेगा।
ODOP और GI टैग प्रोडक्ट्स की प्रदर्शनी
कार्यक्रम के में One District–One Product (ODOP) योजना के तहत कारीगरों द्वारा बनाए गए उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री की जाएगी। इसके साथ ही GI टैग प्राप्त उत्पादोंको ट्रेड शो के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे स्थानीय उद्योग, शिल्पकला और रोजगार को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
यूपी गौरव सम्मान 2025–26
उत्तर प्रदेश दिवस समारोह में इस साल ‘उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान 2025–26’ दिए जाएंगे। कुल 5 विशिष्ट व्यक्तित्वों को शिक्षा, साहित्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण और अंतरिक्ष विज्ञान जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों को भी सम्मान मिलेगा।
नई योजनाओं का होगा शुभारंभ
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा नई योजनाओं का भी शुभारंभ हुआ जिसमें वन डिस्ट्रिक्ट–वन कुज़ीन (ODOC) योजना, सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक जोन योजना का उद्घाटन शामिल है। इन योजनाओं का उद्देश्य प्रदेश में रोजगार, निवेश और स्थानीय अर्थव्यवस्था को और सशक्त बनाना है।
इस दौरान लोक कला, लोकगीत, शास्त्रीय नृत्य, आधुनिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रंगारंग कार्यक्रमों के माध्यम से उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को मंच मिलेगा।
