देवरिया। संघ लोक सेवा आयोग ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2023 का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है। 16 अप्रैल 2024 को जारी रिजल्ट में एक हजार सोलह परीक्षार्थियों ने सफलता हासिल की है। परीक्षार्थी अपना परीक्षा परिणाण आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर चेक कर सकते हैं। इसके साथ ही संघ लोक सेवा आयोग ने टॉपर्स की लिस्ट भी जारी कर दी है, इस बार उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आदित्य श्रीवास्तव ने टॉप किया है।

UPSC ने वेबसाइट पर जारी किया नोटिस

सिविल सेवा परीक्षा के परिणाम जारी करने की सूचना यूपीएससी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर एक सार्वजनिक सूचना के माध्यम से घोषित की। जिसमें लोक सेवा आयोग ने लिखा- “संघ लोक सेवा आयोग द्वारा सितंबर, 2023 में आयोजित सिविल सेवा परीक्षा, 2023 के लिखित भाग और जनवरी-अप्रैल 2024 में आयोजित व्यक्तित्व परीक्षण के लिए साक्षात्कार के परिणाम के आधार पर, नियुक्ति के लिए अनुशंसित अभ्यर्थियों की योग्यता सूची जारी की गई है।” आपको बता दें इस बार सामान्य वर्ग से 347 अभ्यर्थियों ने, ईडब्ल्यूएस से 115 अभ्यर्थियों ने, अन्य पिछड़ा वर्ग से 303 अभ्यर्थियों ने, अनुसूचित जाति से 165 अभ्यर्थियों ने और अनुसूचित जनजाति से 86 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है।

देश को मिलेंगे 180 IAS, 200 IPS, 37 IFS
इस बार सफल हुए अभ्यर्थियों में से 180 उम्मीदवारों को IAS का पद दिया जाएगा, इसके साथ आईपीएस सेवा के लिए 200 उम्मीदवारों का चयन हुआ है, वहीं 37 सफल उम्मीदवार आईएफएस अफसर के पद पर बैठेंगे। यूपीएससी की ओर से जारी परिणामों में सेंट्रल सर्विस ग्रुप ‘A’ के लिए कुल 613 और ग्रुप ‘B’ सर्विसेस के लिए 113 उम्मीदवार चयनित हुए हैं।
सफल परीक्षार्थियों के कुल अंक परिणाम घोषित होने की तारीख से 15 दिनों के भीतर वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे। 355 अनुशंसित उम्मीदवारों की उम्मीदवारी को अनंतिम रखा गया है।


परीक्षार्थी इस तरह चेक करें रिजल्ट
परीक्षा परिणाण देखने के लिए यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in या upsconline.nic.in पर जाएं और “सिविल सेवा परीक्षा, 2023 का अंतिम परिणाम” पर क्लिक करें। यहां क्लिक करने पर नतीजे पीडीएफ फॉर्म पर शो होने लगेगा। अपना नाम, रोल नंबर, एआईआर चेक करके पीडीएफ डाउनलोड कर लें।