देवरिया। चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा की तारीख को आगे बढ़ा दिया है। पहले जारी शेड्यूल के मुताबिक पीएससी प्री की परीक्षा 26 मई 2024 को होने वाली थी। परीक्षा की अगली तारीख 16 जून 2024 के बाद की ही निकाली जाएगी। परीक्षा से संबंधित शेड्यूल और एडमिट कार्ड से संबंधित जानकारी आयोग की तरफ से समय रहते परीक्षार्थियों को दे दी जाएगी।
आयोग ने वेबसाइट पर दी जानकारी
आयोग ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर परीक्षा की तिथि स्थगित करने का नोटिफिकेशन जारी किया। आयोग द्वार जारी नोटिस में लिखा गया- “जनरल इलेक्शन शेड्यूल की वजह से, आयोग ने सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा -2024 को स्थगित करने का निर्णय लिया है।” परीक्षार्थी यूपीएससी परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए वेबसाइट पर जा सकते हैं। अन्य सूत्रों से मिली जानकारी के लिए आयोग जिम्मेदार नहीं होता है।
इतने पदों के लिए होनी है परीक्षा
यूपीएससी हर साल भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीयविदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारियों का चयन करने के लिए परीक्षा का आयोजन करती है। इस साल, आयोग ने सीएसई के लिए कुल 1,056 और आईएफएस के लिए 150 रिक्त पदों के लिए अधिसूचना जारी किया था। यूपीएससी, तीन चरणों में परीक्षा लेता है जिसमें परीक्षार्थियों को प्री, मेंस और इंटरव्यू से गुजरना पड़ता है। यूपीएससी को देश की सबसे बड़ी और कठिन परीक्षा मानी जाती है।