देवरिया। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम (UPSC Result 2025) 6 मार्च को जारी कर दिया है। परिणामों में अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान हासिल किया है, जबकि राजेश्वरी सुवे एम को दूसरी रैंक मिली है। परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार अब आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख और डाउनलोड कर सकते हैं। यूपीएससी की ओर से सिविल सेवा परीक्षा का फाइनल रिजल्ट पीडीएफ फॉर्मेट में जारी किया गया है। उम्मीदवार वेबसाइट पर जाकर सूची में अपना नाम और रोल नंबर चेक कर सकते हैं।
ऐसे डाउनलोड करें रिजल्ट
उम्मीदवार नीचे दिए गए आसान स्टेप्स की मदद से अपना रिजल्ट (UPSC Result 2025) डाउनलोड कर सकते हैं-
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाएं।
- होमपेज पर दिखाई दे रहे UPSC Civil Services Result 2025 लिंक पर क्लिक करें।
- क्लिक करते ही रिजल्ट की पीडीएफ स्क्रीन पर खुल जाएगी।
- पीडीएफ में अपना नाम या रोल नंबर सर्च करें।
- भविष्य के लिए इसका प्रिंट आउट भी सुरक्षित रख लें।
958 उम्मीदवार हुए चयनित
आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार इस परीक्षा के माध्यम से कुल 958 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। इनमें सामान्य वर्ग के 317, ईडब्ल्यूएस के 104, ओबीसी के 306, एससी के 158 और एसटी के 73 उम्मीदवार शामिल हैं।
टॉप-10 में इन उम्मीदवारों ने बनाई जगह
सिविल सेवा परीक्षा 2025 में टॉप-10 रैंक हासिल करने वाले उम्मीदवारों की सूची इस प्रकार है—
- अनुज अग्निहोत्री
- राजेश्वरी सुवे एम
- एकांश ढुल
- राघव झुनझुनवाला
- ईशान भटनागर
- जिनिया अरोरा
- ए.आर. राजा मोहिद्दीन
- पक्षल सेक्रेटरी
- आस्था जैन
- उज्जवल प्रियांक
मई में हुई थी प्रारंभिक परीक्षा
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा की प्रारंभिक परीक्षा 25 मई 2025 को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इसके बाद मुख्य परीक्षा 22 अगस्त से 31 अगस्त 2025 के बीच कराई गई थी। अब फाइनल रिजल्ट जारी होने के बाद चयनित उम्मीदवारों को आगे की प्रक्रिया के तहत अलग-अलग सेवाओं में नियुक्ति दी जाएगी।