देवरिया। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। अब राज्य के कई इलाकों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला शुरू हो गया है। India Meteorological Department (IMD) ने 5 अप्रैल को कई जिलों के लिए अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है।
लखनऊ समेत कई इलाकों के लिए अलर्ट
राजधानी लखनऊ समेत सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, बुलंदशहर, फिरोजाबाद, झांसी, जालौन, हरदोई और कानपुर में तेज बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं पश्चिमी यूपी और बुंदेलखंड के करीब 35 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो कुछ जगहों पर 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अंदेशा है।
पूर्वांचल और तराई के इलाकों गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर समेत कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। कई जगहों पर धूल भरी आंधी भी चल सकती है, जिससे हालात और मुश्किल हो सकते हैं।
तापमान में गिरावट की उम्मीद
मौसम में इस बदलाव से तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे लोगों को गर्मी और लू से कुछ राहत मिलेगी। हालांकि, तेज हवाओं और बिजली गिरने का खतरा अभी भी बरकरार है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बदलाव की बड़ी वजह सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ है, जो अरब सागर से आई नमी के साथ मिलकर मौसम को अस्थिर बना रहा है। विभाग के मुताबिक, 8 अप्रैल तक मौसम का यह उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
किसानों की चिंता बढ़ी
बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की टेंशन बढ़ा दी है। गेहूं की कटाई के इस अहम समय में फसल खराब होने का डर सताने लगा है, खासकर अयोध्या और गोंडा जैसे इलाकों में।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहें, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें और आकाशीय बिजली के वक्त खुले स्थानों से बचें।