देवरिया। महिला प्रीमियर लीग में शनिवार को खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस का विजयरथ थम गया है। शुरुआती पांच मुकाबले लगातार जीतने के बाद मुंबई को छठे मैच में हार का सामना हुआ। उसका यह विजयरथ यूपी वॉरियर्स ने रोका है। ग्रुप स्टेज के 15वें मुकाबले में यूपी वॉरियर्स ने मुंबई टीम को पांच विकेट से करारी शिकस्त दी है।
मुकाबले में स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने धमाकेदार प्रदर्शन किया। यूपी की स्टार प्लेयर दीप्ति ने पहले गेंदबाजी में कमाल दिखाया। उन्होंने 35 रन देकर अहम दो विकेट निकाले। इसके बाद बैटिंग में धमाल मचाया। दीप्ति ने मुश्किल समय में नाबाद 13 रन बनाए और टीम को जीत दिलाकर ही लौटीं। इस हरफनमौला प्रदर्शन के लिए दीप्ति को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। बता दें कि मुंबई इंडियंस अपने शुरुआती 5 मैच जीतकर पहले ही प्लेऑफ में पहुंच चुकी है। जबकि यूपी वॉरियर्स प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की पूरी टीम 127 रनों पर ही ढेर हो गई। टीम के लिए हीली मैथ्यूज ने 35 रनों की पारी खेली, जबकि अमेरिया केर ने 32 और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 25 रनों की पारी खेली। मगर ये सभी खिलाड़ी टीम को बड़े स्कोर तक नहीं पहुंचा सके। यूपी के लिए सोफी एक्लेस्टोन ने 3 विकेट लिए, जबकि दीप्ति और राजेश्वरी गायकवाड़ ने 2-2 सफलताएं हासिल की।
मुंबई की तरफ से मिले 128 रनों के लक्ष्य के जवाब में यूपी वॉरियर्स की टीम 19.3 ओवर में 5 विकेट खोकर 129 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। टीम के लिए ग्रेस हैरिस ने 39 और ताहिला मैग्रा ने 38 रनों की मैच विनिंग पारी खेली। आखिर में दीप्ति ने नाबाद रहते हुए टीम को जिताया और पूरी महफिल लूट ली। मुंबई के लिए अमेलिया केर ने 2 विकेट लिए।
