देवरिया। उत्तर प्रदेश आरक्षी भर्ती की लिखित परीक्षा की तारीख में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। यह अपनी निर्धारित तिथि 17 और 18 फरवरी 2024 को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएगी। उत्तर प्रदेश पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया पर चल रही तिथि परिवर्तन संबंधी कोई भी सूचना भ्रामक है। विभाग ने कहा है कि अभ्यर्थी कृपया इन पर ध्यान न दें।
60244 पदों पर सिपाही की भर्ती होगी
गौरतलब है कि सिपाही नागरिक पुलिस के 60,244 पदों पर सीधी भर्ती के लिए शनिवार और रविवार को लिखित परीक्षा 4-4 पालियों में आयोजित की जा रही है। परीक्षा उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में आयोजित की जा रही है। इसके लिए 2385 सेंटर बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा प्रबंध के साथ एसटीएफ समेत खुफिया एजेंसियों को नकल माफिया और सॉल्वर गैंग को पकड़ने के लिए सक्रिय रखा गया है।
कांस्टेबल के एक पद के लिए 80 दावेदार
इस परीक्षा में कुल 48, 17,441 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इनमें से 15,48,969 महिला अभ्यर्थी हैं। मतलब साफ है कि सिपाही के एक पद के लिए करीब 80 कैंडिडेट हैं। केंद्रों पर शनिवार 17 फरवरी को प्रथम और द्वितीय दोनों पालियों में 12,04, 360 अभ्यर्थियों की परीक्षा देंगे, जबकि रविवार 18 फरवरी की प्रथम पाली में 12,04,361 व द्वितीय पाली में 12,04,360 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
दूसरे राज्यों से 6 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी सिपाही बनने आ रहे
उत्तर प्रदेश में कांस्टेबल बनने के लिए दूसरे राज्यों से भी 6 लाख से ज्यादा आवेदन आए हैं। इनमें बिहार के 2,67,305, हरियाणा के 74,769, झारखंड के 17,112, मध्य प्रदेश के 98,400, दिल्ली के 42,259, राजस्थान के 97,277, उत्तराखंड के 14,627, पश्चिम बंगाल के 5512, महाराष्ट्र के 3151 तथा पंजाब के 3404 अभ्यर्थी शामिल हैं।
