देवरिया। उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को बड़ी राहत दी है। योगी सरकार ने यूपी पुलिस कॉन्स्टेबल एवं जेल वार्डर भर्ती 2026 के लिए अधिकतम आयु सीमा में तीन वर्ष की विशेष छूट देने का निर्णय लिया है। यह छूट सभी वर्गों के अभ्यर्थियों पर समान रूप से लागू होगी।
अब 25 साल तक कर सकेंगे आवेदन
अब तक सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 22 वर्ष निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर सीधे 25 वर्ष कर दिया गया है। इसी तरह ओबीसी, एससी, एसटी और महिला अभ्यर्थियों को भी ऊपरी आयु सीमा में तीन साल की अतिरिक्त छूट मिलेगी। इसके अलावा नियमानुसार आरक्षण का लाभ भी आयु सीमा में लागू रहेगा।
कोविड के कारण मिली राहत
सरकार ने यह फैसला कोविड-19 महामारी के दौरान भर्तियों में हुई देरी को ध्यान में रखते हुए लिया है। कोरोना काल में लंबे समय तक भर्तियां न होने के कारण कई योग्य युवा ओवरएज हो गए थे और भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो रहे थे। ऐसे युवाओं को अवसर देने के उद्देश्य से सरकार ने सभी वर्गों के लिए एक समान तीन वर्ष की आयु छूट का प्रावधान किया है।
30 जनवरी 2026 तक कर सकते हैं आवेदन
यूपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 31 दिसंबर से शुरू हो चुकी है, जो 30 जनवरी 2026 तक चलेगी। आवेदन शुल्क जमा करने और संशोधन की अंतिम तिथि 2 फरवरी 2026 तय की गई है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये, जबकि एससी और एसटी वर्ग के लिए 400 रुपये निर्धारित किया गया है। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।
32,379 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत यूपी पुलिस विभाग में कुल 32,379 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसमें
- कॉन्स्टेबल सिविल पुलिस (पुरुष/महिला) के 10,469 पद,
- कॉन्स्टेबल पीएसी/आर्म्ड पुलिस (केवल पुरुष) के 15,131 पद,
- स्पेशल फोर्स बटालियन (केवल पुरुष) के 1,341 पद,
- महिला कॉन्स्टेबल बटालियन (लखनऊ, बदायूं, गोरखपुर) के 2,282 पद,
- कॉन्स्टेबल घुड़सवार (केवल पुरुष) के 71 पद,
- जेल वार्डर पुरुष के 3,279 और
- जेल वार्डर महिला के 106 पद शामिल हैं।
सरकार के इस फैसले से हजारों युवाओं को एक बार फिर पुलिस सेवा में शामिल होने का अवसर मिलने की उम्मीद है।