देवरिया।उत्तर प्रदेश सरकार ने रक्षा बंधन के त्योहार पर प्रदेश की सभी बहनों को एक खास तोहफा देने का ऐलान किया है। रक्षाबंधन के दिन बहुत सी ऐसी बहनें होती हैं, जिनको भाई की कलाई पर राखी बांधने के लिए बस से सफर करना होता है। इस बार रक्षाबंधन के दिन प्रदेश की सभी महिलाओं के लिए नगरीय बस सेवा मुफ्त करने का ऐलान किया है। इस खबर से प्रदेश की महिलाओं ने सीएम योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद दिया है।


नगरीय परिवहन विभाग को दिए गए निर्देश
रक्षाबंधन पर 30 अगस्त की रात 12 बजे से 31 अगस्त की रात 12 बजे तक महिलाओं को नगरीय बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इस सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश के कुछ प्रमुख शहरों को चिन्हित किया गया है।

इन शहरों में मिलेगी मुफ्त बस सर्विस
राखी के त्योहार पर फ्री बस सर्विस के लिए इन 14 बड़े शहरों का चुनाव किया गया है। जिनमें लखनऊ, गोरखपुर, शाहजहांपुर, आगरा, मथुरा-वृन्दावन,कानपुर, मेरठ,मुरादाबाद, झाँसी, बरेली,प्रयागराज, वाराणसी, गाजियाबाद और अलीगढ़ शामिल हैं। इन सभी शहरों में एसपीवी के माध्यम से संचालित की जा रही नगरीय बसों में रक्षाबंधन के दिन महिलाओं से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। त्योहार के दिन बहनों को भाइयों को राखी बांधने जाने में किसी प्रकार की दिक्कत का सामना ना करना पड़े इस उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।