देवरिया। उत्तर प्रदेश में होली का त्योहार इस बार सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्योहार से पहले ही सभी कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि वे बिना किसी आर्थिक चिंता के अपने परिवार के साथ त्योहार मना सकें।

होली से पहले मिलेगी सैलरी

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि राज्य के सभी नियमित कर्मचारियों के साथ-साथ आउटसोर्सिंग, संविदा कर्मी, सफाईकर्मी और अन्य श्रेणियों में कार्यरत कर्मचारियों का फरवरी माह का वेतन 28 फरवरी तक उनके खातों में अनिवार्य रूप से हस्तांतरित किया जाए। मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों को चेतावनी दी है कि वेतन वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि आदेश की अवहेलना पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

होली की छुट्टियों की घोषणा

राज्य सरकार ने होली पर दी जाने वाली होली छुट्टियों की भी घोषणा कर दी है। इस बार 2 मार्च को होलिका दहन का अवकाश रहेगा। 3 मार्च 2026 (मंगलवार) को सभी कर्मचारियों को विशेष अवकाश दिया जा रहा है। 4 मार्च को रंगोत्सव मनाया जाएगा। इसके अलावा 1 मार्च रविवार होने के कारण पहले से साप्ताहिक अवकाश है। इस प्रकार कर्मचारियों को लगातार चार दिन की छुट्टी मिलेगी। हालांकि 28 फरवरी शनिवार को वर्किंग डे रखा गया है ताकि प्रशासनिक कार्यों में कोई बाधा न आए।

आठ लाख कर्मचारियों को मिलेगा लाभ

सरकार के इस फैसले से प्रदेश के लगभग 8 लाख कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा। वित्त विभाग ने सभी जिलाधिकारियों और विभागाध्यक्षों को निर्देश जारी कर समय पर भुगतान सुनिश्चित करने को कहा है। सरकार का मानना है कि समय से वेतन मिलने से कर्मचारी त्योहार की तैयारियां बेहतर तरीके से कर सकेंगे और परिवार के साथ आनंदपूर्वक समय बिता पाएंगे।