देवरिया। उत्तर प्रदेश बोर्ड की वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं आज से पूरे प्रदेश में शुरू हो गई हैं। पहले दिन हिंदी विषय के साथ परीक्षा की शुरुआत हुई। राज्यभर के परीक्षा केंद्रों पर सख्त नियमों और कड़ी निगरानी के बीच परीक्षाएं कराई जा रही हैं। बोर्ड ने परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

परीक्षा का शेड्यूल और समय

बोर्ड परीक्षाएं 12 मार्च तक चलेंगी और इन्हें दो पालियों में आयोजित किया जा रहा है। हाईस्कूल की परीक्षा सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक होगी, जबकि इंटरमीडिएट की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। सभी परीक्षार्थियों को अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचना अनिवार्य है।

परीक्षा केंद्र और परीक्षार्थियों की संख्या

इस वर्ष प्रदेशभर में कुल 8,033 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों कक्षाओं को मिलाकर करीब 52 लाख से अधिक छात्र परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने राज्य स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया है, जिससे सभी केंद्रों की निगरानी की जा रही है।

जरूरी निर्देश और सख्त निगरानी

परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए छात्रों को एडमिट कार्ड और वैध फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य है। परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। बोर्ड ने साफ किया है कि नकल या नियमों के उल्लंघन पर संबंधित परीक्षार्थी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने दी शुभकामनाएं

सीएम योगी ने बोर्ड के विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी और उनका हौसला बढ़ाया, उन्होंने लिखा

“मेरे प्रिय विद्यार्थियो, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं कल से प्रारंभ हो रही हैं। आप सभी को मेरा शुभाशीष। परीक्षाएं केवल आपकी शैक्षणिक योग्यता का मूल्यांकन नहीं हैं, बल्कि यह आपके धैर्य, अनुशासन और आत्मविश्वास की भी परीक्षा है। पूर्ण विश्वास है कि आपने वर्ष भर जो कठिन परिश्रम किया है, उसका सकारात्मक परिणाम आप सभी को अवश्य प्राप्त होगा।”

ये भी पढ़ें22 अप्रैल को विधि विधान से खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट