देवरिया। देश के नए संसद भवन में जल्द ही सत्र की बैठकें होंगी। संसद का विशेष सत्र 18 सितंबर से शुरू हो जाएगा। पुराने संसद भवन में एक ही दिन सेशन होगा, उसके बाद 19 सितंबर यानी गणेश चतुर्थी के दिन से नए संसद भवन में सत्र चलेगा। इस बीच नए संसद भवन के कर्मचारियों के ड्रेस कोड में बदलाव की खबर है।

कैसा होगा नया ड्रेस कोड

कर्मचारियों के ड्रेस को पूरी तरह से भारतीय परिधान में बदला जा रहा है। महिला कर्मचारियों को नई डिजाइन की साड़ी दी जाएगी, वहीं पुरुष कर्मचारी अब सफारीसूट की जगह पर कुर्ता और पजामा पहने नजर आएंगे। अधिकारी लेवल पर क्रीम कलर की शर्ट ड्रेस कोड होगा जिस पर गुलाबी रंग से कमल का फूल अंकित होने की भी बात सामने आ रही है। क्रीम शर्ट के साथ खादी की जैकेट और खाकी रंग की पैंट पहननी होगी।


सत्र की शुरुआत से लागू हो जाएगा ड्रेस कोड
संसद भवन के कर्मचारियों और अधिकारियों की नई ड्रेस कोड के लिए नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ फैशन टेक्नॉलॉजी से ड्रेस के डिजाइन्स मांगे गए थे। उनके द्वारा सुझाए गए डिजाइन्स में से विशेष समिति के द्वारा फाइनल ड्रेस तैयार किया गया है। कर्मचारी अधिकारियों को उनकी ड्रेस 6 सितंबर को ही वितरित कर दी गई है। 19 सितंबर को जब विशेष सत्र नए संसद भवन में लगने लगेगा तभी से यह ड्रेस कोड भी लागू हो जाएगा।