देवरिया। तेलंगाना में निर्माणाधीन सुरंग के धंसने से उत्तरकाशी जैसा  हादसा हो गया है। निर्माणाधीन सुरंग में काम करने के दौरान सुरंग के एक हिस्से की छत गिरने से अंदर कई मजदूर फंस गए हैं। वहीं कई मजदूरों के घायल होने की भी खबर है। घटना की सूचना मिलते ही घटना स्थल पर तुरंत राहत कार्य शुरु कर दिए गए हैं। टनल में कितने मजदूर फंसे हैं ये अभी साफ नहीं हुआ है।

श्रीशैलम बांध के पीछे बन रहा है सुरंग

घटना शनिवार 22 फरवरी की है जब सुरंग का एक हिस्सा अचानक ढह गया। सुरंग का निर्माण श्रीशैलम बांध के पीछे किया जा रहा है। सुरंग नगरकुर्नूल जिले में श्रीशैलम लेफ्ट बैंक नहर के निर्माणाधीन खंड पर स्थित है। दुर्घटना के बाद सुरंग के अंदर एक टीम भेजी गई है जो असल स्थिति की जानकारी देगी। मजदूरों से किसी तरह का संपर्क हो पाने के बाद अंदर फंसे मजदूरों की संख्या और उनकी स्थिति के बारे में बताया जा सकता है।

सीएम ने तुरंत राहत पहुंचाने के दिए निर्देश

इस घटना पर सीएम रेवंत रेड्डी ने दुख जताया और अधिकारियों को हेलीकॉप्टर से दुर्घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। अब तक सामने आए आधिकारिक बयान के अनुसार सुरंग के 14 किलोमीटर अंदर बाईं ओर स्थित छत तीन मीटर तक ढह गई है। सुरंग ढहने की सूचना के बाद जिला कलेक्टर, एसपी, अग्निशमन विभाग, हाइड्रा और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तुरंत मौके पर भेजा गया है।