देवरिया। 15 अगस्त को देश अपना 77वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस का उत्साह रविवार यानी 13 अगस्त से देशभर में देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री के आह्वान पर देश में लोगों ने घर, ऑफिस और व्यापारिक संस्थानों पर तिरंगा लगाना शुरू कर दिया है। हर घर तिरंगा अभियान के साथ ही कई शहरों में तिरंग यात्रा भी निकाली जा रही है। तिरंगा यात्रा के पीछे उद्देश्य लोगों को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना और देश प्रेम की भावना को जागृत करना है। केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने भी अपने लोकसभा क्षेत्र गांधी नगर से तिरंगा यात्रा की शुरुआत की।

राजस्थान में निकाली गई 76 फीट के तिरंगे के साथ यात्रा
राजस्थान के भरतपुर में 76 फीट तिरंगे के साथ यात्रा निकाली गई। शहर भाजपा की अगुवाई में निकाली गई तिरंगा यात्रा को देखने के लिए पूरा शहर उमड़ पड़ा था। देशभक्ति गीतों के साथ सैकड़ों की भीड़ तिरंगे के साथ-साथ चल रही थी। यहा यात्रा भरतपुर के नारायण गेट से शुरु होकर बिजलीघर चौराह से मथुरा गेट, चौबुर्जा, लक्ष्मण मंदिर होती हुतई कुम्हेर गेट पर आकर खत्म हुई। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत इस तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया था।

कश्मीर भी हुआ तिरंगामय
आजादी के जश्न की तैयारी और देशभक्ति माहौल कश्मीर में भी देखने को मिला। यहां डल झील से लेकर लाल चौक तक चारों तरफ तिरंगा लहराता दिखा। आजादी का अमृत महोत्सव थीम के तहत जम्म्-कश्मीर के 20 जिलों में तिरंगा यात्रा निकाली गई। जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा भी तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। डल झील में भी बोट पर तिरंगा लगाकर यात्रा निकाली गई।
आतंकियों के परिवार ने भी लहराया तिरंगा
इस बार के हर घर तिरंगा अभियान से एक बड़ी तस्वीर निकलकर सामने आई है। जिसमें जम्मू कश्मीर में दो आतंकियों के परिजन भी हाथ में झंडा लिए नजर आए। उत्तरी कश्मीर के सोपोर में हिजबुल मुजाहिद्दीन के आतंकी जावेद मट्टू के भाई ने अपने घर पर तिरंगा फहराया। वहीं जम्मू के किश्तवाड़ आतंकी मुदस्सिर हुसैन के परिवार ने भी राष्ट्रीय ध्वज फहराकर केंद्र सरकार से अपने बेटे को ढूंढने की अपील की।मुदस्सिर मां ने कहा कि उसे आत्मसमर्पम कर देना चाहिए वह रास्ता भटक गया है।

स्वतंत्रता दिवस पर क्या होगा खास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले पर तिरंगा फहराएंगे। इस बार लगभग एक हजार 800 लोगों को गेस्ट के रूप में आमंत्रित किया गया है। इस बारस्वतंत्रता दिवसपर ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ समारोह का समापन होने जा रहा है। स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 मार्च, 2021 को गुजरात के अहमदाबाद स्थित साबरमती आश्रम से किया था।
कार्यक्रम में ये होंगे विशेष अतिथि
सरकार ने जन-भागीदारी दृष्टिकोण के तहत खास लोगों को आमंत्रित किया है। इन विशिष्ट अतिथियों में 660 से अधिक जीवंत गांवों के 400 से अधिक सरपंच, किसान उत्पादक संगठन योजना से जुड़े 250 लोग, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के 50-50 प्रतिभागी, नई संसद भवन सहित सेंट्रल विस्टा परियोजना से जुड़े 50 श्रम योगीऔर अन्य शामिल होंगे।
स्वतंत्रा दिवस पर सेल्फी प्वाइंट होंगे आकर्षण का केंद्र
इस बार स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली में जगह-जगह पर सेल्फी प्वॉइंट का निर्माण किया गया है। राष्ट्रीय युद्ध स्मारक, इंडिया गेट, विजय चौक, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, प्रगति मैदान, राजघाट, जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन, राजीव चौक मेट्रो स्टेशन, दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन, आईटीओ मेट्रो गेट, नौबत खाना और शीश गंज गुरुद्वारा समेत12 स्थानों को सेल्फी प्वॉइंट बनाया गया है। हर एक सेल्फी प्वॉइंट को सरकार की अलग-अलग योजनाओं और पहलों की थीम पर बनाया गया है।