देवरिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी मिली है। यूपी की राजधानी लखनऊ में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां के पुलिस कंट्रोल रूम में एक धमकी भरा कॉल आया। कॉल करने वाले ने फोन पर सीएम योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने यह कॉल पुलिस कंट्रोल रूप में सीयूजी नंबर पर शनिवार को किया था। पुलिस अलर्ट पर है और कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बम से उड़ाने की धमकी
कॉल करने वाले ने सीएम को बम से उड़ाने की धमकी दी है। इस मामले की शिकायत लखनऊ कोतवाली में दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जिस नंबर से कॉल किया गया था, उसे ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है।
अलर्ट मोड पर सुरक्षा एजेंसियां
प्रदेश के मुखिया को बम से उड़ाने की धमकी मिलना उनकी सुरक्षा के नजरिए से बहुत बड़ी बात हो जाती है। फिलहाल इस बात की जानकारी नहीं है कि कॉल कहां से आया था। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी उनकी गिरफ्त में होगा। आपको बता दें पिछले साल भी एक युवक ने भी सीएम योगी को जान से मारने की धमकी एक्स अकाउंट पर दी थी, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।