देवरिया। अगस्त का महीना हमारे जीवन से जुड़े कुछ अहम चीजों में बदलाव लेकर आ रहा है जिसका असर हमारी जेब पर भी पड़ने वाला है। इन बदलावों में यूपीआई से जुड़े नियम, GST, ऑटोपे लेनदेन के समय में बदलाव, बैंकिंग संशोधन कानून और कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम से जुड़े बदलाव शामिल हैं। आइए जानते हैं ये बदलाव किस तरह के हैं और हमारी जेब पर इसका कैसा असर पड़ेगा।

UPI पेमेंट से जुड़े नए नियम

  • एक अगस्त से अब यूपीआई से बैलेंस चेक करने की सीमा तय कर दी गई है। अब दिन में 50 बार बैलेंट चेक करने की लिमिट होगी। वहीं बैंक खातों की सूची सिर्फ 25 बार ही देख पाएंगे।
  • यूपीआई ऑटोपे जैसे किसी तरह की इंस्टॉलमेंट, म्यूचुअल फंड एसआईपी या किसी सब्सक्रिप्शन जैसे होने बाले फिक्स पेमेंट जो ऑटोपे से कट होते हैं अब नॉन पीक आवर्स में पे किए जाएंगे। इसके लिए सुबह 10 बजे से पहले, दोपहर 1 बजे से 5 बजे के बीच का समय और रात 9.30 के बाद का समय तय किया गया है।
  • UPI पेमेंट करते वक्त जिसे पैसे भेजा जा रहा है उसका नाम स्क्रीन पर शो होगा जिसे गलत व्यक्ति को पैसे जाने से बचा जा सकता है। वर्तमान में पेमेंट पूरा हो जान पर खाता धारक जिसे पैसे भेजे गए हैं का नाम शो होता है।

बैंकिंग संशोधन कानून लागू

1 अगस्त से ही बैंकिंग कानून (संशोधन) अधिनियम, 2025 के प्रमुख प्रावधानों को भी लागू कर दिया गया है। इस कानून का उद्देश्य बैंक के कामकाज को सुगम बनाना और उपभोक्ताओं के निवेश किए गए पैसों को सुरक्षित करना है। इसके साथ ही पंजाब नेशनल बैंक ने आज निर्देश जारी कर अपने कस्टमर्स को 8 अगस्त से पहले अपनी KYC अपडेट करने के लिए कहा है। ये अपडेशन आरबीआई के निर्देशों के तहत किए जा रहे हैं।

GST से जुड़ा बदलाव

यूपीआई यूजर के लिए GST से जुड़ी भी एक अच्छी खबर है। नए नियमों के तहत अब 2 हजार रुपये से अधिक की यूपीआई ट्रांजैक्शन पर किसी तरह का GST लागू नहीं होगा। हाल ही में UPI पेमेंट के बाद लोगों को आने वाले GST के मैसेज से उठे मुद्दे को वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने राज्यसभा में उठाया था। जिसके बाद उन्होंने बताया था कि जीएसटी काउंसिल ने यूपीआई ट्रांजैक्शंस पर जीएसटी लगाने की कोई सिफारिश नहीं की है।

कमर्शियल LPG के दाम हुए कम

ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 1 अगस्त 2025 से 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में 33.50 रुपये की कटौती की है। इस कटौती के बाद दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की नई कीमत 1631.50 रुपये हो जाएगी, जबकि पहले यह 1665 रुपये थी। हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं को इस बार कोई राहत नहीं मिली है, क्योंकि 14.2 किलो के घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। गौरतलब है कि एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों की समीक्षा हर महीने की पहली तारीख को की जाती है, लेकिन इस बार बदलाव केवल कमर्शियल सिलेंडरों तक ही सीमित रहा।

FASTag का बनेगा सालाना पास

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय अब फास्टैग का सालाना पास जारी करने जा रहा है। यह सुविधा 15 अगस्त 2025 से शुरु होगी। इस सालाना पास में 200 टोल फ्री हो जाएंगे। इन 200 फ्री टोल के लिए 3 हजार रुपए शुल्क तय किया गया है। ये पास या तो 12 महीने या 200 ट्रिप तक वैध होंगे।