देवरिया: उत्तर प्रदेश में नौकरी की तलाश कर रहे उम्मीदवारों के लिए एक अच्छी खबर आई है। राज्य में 20 हजार पदों पर भर्ती का ऐलान कर दिया है। हालांकि, यह भर्ती संविदा पर की जाएगी लेकिन रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। हो सकता है आगे चलकर इन नियुक्तियों को आगे बढ़ाने या परमानेंट करने पर भी विचार किया जाए।
20 हजार संविदा पदों पर होगी भर्ती
प्रदेश सरकार ने संविदा के आधार पर एजुकेटर और परिचालक (कंडक्टर) के कुल 20 हजार पदों पर भर्ती करने का निर्णय लिया है।भर्ती के विवरण के अनुसार, रोडवेज 10 हजार बस कंडक्टरों को संविदा पर नियुक्त करेगा। वहीं, प्रदेश के 75 जिलों में स्थित 10,684 को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़े विद्यालयों में प्रत्येक में एक-एक ईसीसीई एजुकेटर की संविदा पर नियुक्ति की जाएगी।
SRTC की 7 हजार नई बसें चलेंगी
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने अपने बेड़े में 7,000 नई बसें जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिनमें 2 हजार डीजल, सीएनजी और 5 हजार इलेक्ट्रिक बसें संविदा पर चलाई जाएंगी। इन बसों में परिचालकों की तैनाती के लिए 10 हजार कंडक्टरों की संविदा पर भर्ती की जाएगी।
कंडक्टरों की होगी सीधी भर्ती
हाल ही में परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद राज्य परिवहन की बसों के लिए कंडक्टरों की सीधी भर्ती का निर्णय लिया गया था। इस संबंध में परिवहन निगम मुख्यालय से प्रधान प्रबंधक (कार्मिक) द्वारा एक प्रस्ताव तैयार कर शासन को मंजूरी के लिए भेजा गया है।