देवरिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर बन रही बायोपिक ‘मां वंदे’ की शूटिंग विधिवत पूजा के साथ शुरू हो चुकी है। इस फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही खास उत्साह है। खास बात यह है कि फिल्म में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका मलयालम सिनेमा के जाने-माने अभिनेता उन्नी मुकुंदन निभा रहे हैं। शूटिंग की शुरुआत से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
पूजा के साथ हुई शूटिंग की शुरुआत
फिल्म ‘मां वंदे’ की शूटिंग का शुभारंभ पूजा समारोह के साथ किया गया। पहले दिन के वीडियो और तस्वीरें फिल्म के मेकर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया है। इन पोस्ट्स के जरिए मेकर्स ने फिल्म प्रोडक्शन के काम की ऑफिशियली अनाउंसमेंट की है। पूजा के दौरान पूरी टीम मौजूद रही और फिल्म के सफल निर्माण की कामना की गई।
उन्नी मुकुंदन ने दी जानकारी
प्रधानमंत्री मोदी की भूमिका निभा रहे उन्नी मुकुंदन ने इंस्टाग्राम पर मुहूर्त का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा- “मां वंदे अब शुरू। एक नया अध्याय शुरू हो रहा है, जो उस इंसान की कहानी बताएगा जिसने एक राष्ट्र की किस्मत गढ़ी।” उनके इस पोस्ट के बाद फिल्म को लेकर फैंस की उत्सुकता और भी बढ़ गई है।
पीएम मोदी और उनकी मां के रिश्ते पर फोकस
फिल्म ‘मां वंदे’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन की सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। खास तौर पर इसमें उनकी मां हीराबेन मोदी के साथ उनके गहरे और भावनात्मक रिश्ते को प्रमुखता से दिखाया जाएगा। फिल्म यह दर्शाने की कोशिश करेगी कि किस तरह मां के संस्कार, मूल्य और प्रेरणा ने नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व और जीवन यात्रा को आकार दिया।
प्रधानमंत्री की भूमिका में उन्नी मुकुंदन
उन्नी मुकुंदन मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के सफल अभिनेता हैं। उन्होंने साल 2011 में फिल्म ‘सीडन’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद ‘मल्लू सिंह’, ‘गुरुदान’ और ‘मार्को’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को सराहा गया। उन्नी एक सफल अभिनेता होने के साथ-साथ फिल्म निर्माता भी हैं और उन्हें प्रोड्यूसर के तौर पर राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुका है।
तकनीकी टीम और निर्देशन
इस पैन-इंडिया फिल्म का निर्माण सिल्वर कास्ट क्रिएशंस बैनर के तहत वीर रेड्डी एम. कर रहे हैं। फिल्म के निर्देशक और लेखक क्रांति कुमार सीएच हैं। सिनेमेटोग्राफी की जिम्मेदारी केके सेंथिल कुमार संभाल रहे हैं, जबकि संगीत रवि बसरूर देंगे। एडिटिंग श्रीकर प्रसाद करेंगे और प्रोडक्शन डिजाइनर साबू सिरिल हैं। एक्शन सीक्वेंस किंग सोलोमन द्वारा डिजाइन किए जाएंगे।
पांच भाषाओं में होगी रिलीज
फिल्म को पैन-इंडिया स्तर पर रिलीज किया जाएगा। यह फिल्म हिंदी के साथ-साथ तमिल, तेलुगू, मलयालम और अंग्रेजी भाषा में दर्शकों तक पहुंचेगी। मेकर्स का दावा है कि यह फिल्म प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तिगत और राजनीतिक जीवन को प्रामाणिक तरीके से प्रस्तुत करेगी और दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ने में सफल रहेगी।
