देवरिया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस वक्त भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर पूरे देश के दौरे पर हैं, इसी कड़ी में वो मंगलवार को उज्जैन पहुंचे। यहां पर उन्होंने बाबा महाकाल के मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना भी की। हालांकी उन्हें मंदिर के गर्भगृह में जाकर दर्शन करने का मौका नहीं मिल सका, क्योंकि शिवरात्रि को कुछ ही दिन बचे हैं जिसकी वजह से गर्भगृह में पूजा करने की अनुमति नहीं मिली।

भीड़ में लोगों ने लगाए मोदी-मोदी के नारे

राहुल गांधी जिस वक्त मंदिर पहुंचे उस वक्त वहां और भी दूसरे भक्तों की भीड़ थी। राहुल गांधी के मंदिर पहुंचते ही भीड़ में से कुछ लोगों ने मोदी-मोदी के नारे लगाने शुरु कर दिए। हालांकी किसी विवाद की स्थिति से बचने के लिए लोगों को बाद में शांत करा दिया गया और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं बनी। राहुल गांधी के साथ बाबा महाकाल के दर्शन के दौरान कांग्रेस नेता कमलनाथ और जीतू पटवारी भी साथ रहे।

चौथी बार महाकाल पहुंचे राहुल गांधी

राहुल गांधी पहले भी अपनी चुनावी यात्राओं के दौरान उज्जैन आकर बाबा महाकाल के दर्शन करते रहे हैं। मंगलवार को उनकी चौथी उज्जैन यात्रा थी। उज्जैन में उनकी यात्रा को ‘युवा अधिकार रैली’ का नाम दिया गया था। महाकाल के दर्शन के बाद राहुल गांधी ने उज्जैन की गलियों में घूमकर रोड शो किया और आखिर में एक जनसभा को संबोधित किया।