देवरिया। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (Team India T20 World Cup 2026) के लिए भारतीय क्रिकेट टीम पूरी तरह तैयार है। टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी से होगी, जिसमें टीम इंडिया डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में मैदान पर उतरेगी। साल 2024 में वेस्टइंडीज और अमेरिका में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत ने साउथ अफ्रीका को 7 रन से हराकर खिताब जीता था। हालांकि, टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अब तक कोई भी टीम लगातार दो बार चैंपियन नहीं बन पाई है।
अमेरिका के खिलाफ पहला मुकाबला
टी20 वर्ल्ड कप 2026 (Team India T20 World Cup 2026) में टीम इंडिया को ग्रुप-ए में जगह मिली है। इस ग्रुप में भारत के अलावा पाकिस्तान, अमेरिका, नामीबिया और नीदरलैंड की टीमें शामिल हैं। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ करेगी। इसके बाद 12 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया से भिड़ंत होगी। भारत-पाकिस्तान मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि 18 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत का सामना नीदरलैंड से होगा। टूर्नामेंट में कुल चार ग्रुप बनाए गए हैं और हर ग्रुप की टॉप-2 टीमें सुपर-8 राउंड में करेंगी।
Team India T20 World Cup 2026 शेड्यूल
- 7 फरवरी 2026: भारत बनाम अमेरिका – वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई (7:00 PM)
- 12 फरवरी 2026: भारत बनाम नामीबिया – अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली (7:00 PM)
- 15 फरवरी 2026: भारत बनाम पाकिस्तान – आर. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो (7:00 PM)
- 18 फरवरी 2026: भारत बनाम नीदरलैंड – नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद (7:00 PM)
सूर्यकुमार यादव संभालेंगे कमान
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया की कप्तानी सूर्यकुमार यादव करेंगे, जबकि अक्षर पटेल को उपकप्तान बनाया गया है। पिछले टी20 वर्ल्ड कप के बाद से भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है और उसने कोई भी सीरीज नहीं गंवाई है। टीम में दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और नंबर-1 गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती शामिल हैं।
स्क्वाड में 2024 टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम के 8 खिलाड़ी बरकरार रखे गए हैं, जबकि 7 नए चेहरों को मौका दिया गया है।
टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, वॉशिंगटन सुंदर और रिंकू सिंह। टीम इंडिया एक बार फिर इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेगी और फैंस को अपने खिताब की सफल रक्षा की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें- UPSC New Rule: सर्विस में रहते सिर्फ एक बार दे सकेंगे सिविल सेवा परीक्षा