देवरिया। दिल्ली में सीएम हाउस में आप की राज्यसभा सांसद और दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालिवाल से मारपीट की खबर है। दरअसल सोमवार को सुबह दिल्ली पुलिस को फोन कॉल आया जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को आम आदमी पार्टी की नेता और राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल बताया। फोन पर ही उन्होंने केजरीवाल के पीए के द्वारा मारपीट किए जाने की शिकायत की।
कॉल किसने किया था स्पष्ट नहीं
पुलिस के मुताबिक फोन दिल्ली सीएम हाउस से आया था। फोन करने वाले ने खुद को आप सांसद स्वाति मालिवाल बताया और कहा कि उनके साथ केजरीवाल के निजी सचिव बिभव कुमार मारपीट कर रहे हैं। इसके बाद एक दूसरा कॉल आया और उसमें कहा गया कि सीएम केजरीवाल के कहने पर उनके पीए ने उनके साथ मारपीट की। हालांकि फिलहाल यह पुष्टि नहीं हो पाई है कि शिकायत करने वाली महिला स्वाति मालीवाल ही थीं या किसी और ने फेक कॉल किया था।
स्वाति मालीवाल ने नहीं की कोई शिकायत
इस मामले में स्वाति मालीवाल की तरफ से अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। सूचना के आधार पर पुलिस कंट्रोल रूम की जिप्सी वहां पहुंची, तो स्वाति मालीवाल ने बताया कि उसके साथ मारपीट हुई है। लेकिन स्वाति मालीवाल ने अपना मेडिकल कराने से इनकार कर दिया और किसी तरह की कोई लिखित शिकायत भी दर्ज नहीं कराई है। आम आदमी पार्टी के किसी नेता की तरफ से भी अब तक किसी प्रकार का कोई बयान नहीं आया है।
बीजेपी ने मांगा जवाब
इस पूरे मामले में बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा- ‘आज सुबह केजरीवाल के घर में स्वाति को पुलिस क्यों बुलानी पड़ी? क्या केजरीवाल के पीए बिभव ने स्वाति मालीवाल की पिटाई की? क्या मुख्यमंत्री का कार्यालय कोई स्पष्टीकरण देगा? ईश्वर करें मुख्यमंत्री के घर में महिला राज्यसभा सांसद की पिटाई की खबर झूठी हो।’