सूर्यकुमार यादवसूर्यकुमार यादव

देवरिया : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत की नई सनसनी बनकर उभरे सूर्यकुमार यादव का बल्ला लगातार रन उगल रहा है। उन्होंने टी-20 विश्व कप से पहले अपने शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए गुवाहाटी में 22 गेंद में 61 रन की आतिशी पारी खेली। सूर्यकुमार यादव ने अपना अर्धशतक 18 गेंद में चार चौके और चार छक्के की मदद से पूरा किया। उन्होंने युवराज सिंह के बाद भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय टी-20 में दूसरा सबसे तेज अर्धशतक जड़ा। यह सूर्यकुमार का लगातार तीसरा और करियर का नौवां अर्धशतक था।

इससे पहले उन्होंने तिरुवनंतपुरम में नाबाद 50 और हैदराबाद में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 69 रन की पारी खेली थी। सूर्या ने रविवार को करियर के 33वें मुकाबले की 31वीं पारी के दौरान अंतरराष्ट्रीय टी-20 में एक हजार रन भी पूरे कर लिए। वो सबसे कम गेंदों में एक हजार टी-20 रन बनाने के मामले में पहले दुनिया में पहले पायदान पर पहुंच गए हैं।

सूर्यकुमार के नाम एक कैलेंडर में सबसे ज्यादा रन

सूर्यकुमार ने साल 2022 में अब तक 22 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 793 रन बनाए हैं। वह एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। अब सूर्यकुमार की नजर पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान और बाबर आजम के रिकॉर्ड पर भी है। एक कैलेंडर ईयर में टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड रिजवान के नाम है। रिजवान ने साल 2021 में 29 मैचों में 1326 रन बनाए थे। वहीं, बाबर ने 2021 में 29 मैचों में 939 रन बनाए थे। इसके बाद सूर्यकुमार का नंबर आता है।

साल में छक्कों का अर्धशतक जड़ने वाले पहले खिलाड़ी

गुवाहाटी में 277 के स्ट्राइक रेट से रन बनाते हुए सूर्यकुमार यादव ने अपनी पारी के दौरान पांच चौके और पांच छक्के जड़े। इसी के साथ ही वो अंतरराष्ट्रीय टी-20 में एक कैलेंडर वर्ष में 50 छक्के जड़ने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।

साल 2022 में खेले गए 22 मैच की 22 पारियों में सूर्याकुमार के बल्ले से कुल 50 छक्के निकले हैं। तिरुवनंतपुरम में उन्होंने मोहम्मद रिजवान का इंटरनेशनल टी-20 में एक साल में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड तोड़ा था। उनके खाते में भारत के लिए खेलते हुए 33 मैच की 31 पारियों में कुल 62 छक्के हो गए हैं। रिजवान ने 2021 में 42 छक्के लगाए थे। वहीं, मार्टिन गुप्टिल ने भी 2021 में 41 छक्के लगाए थे और वह तीसरे नंबर पर हैं।