देवरिया।
फिल्म ‘दंगल’ में बबिता फोगाट के बचपन का किरदार निभाने वाली चाइल्ड आर्टिस्ट सुहानी भटनागर का निधन हो गया। सुहानी की उम्र महज 19 साल थी। बताया जा रहा है कुछ समय से वो दिल्ली एम्स में भर्ती थीं, उनके पूरे शरीर में लिक्विड जमा हो रहा था, यही उनकी मौत का कारण बना। सुहानी की मौत की खबर सुनकर बॉलिवुड और उनके फैंस काफी दुखी और हैरान हैं। आमिर खान प्रोडक्शन ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सुहानी की मौत पर दुख जताया है।


दवाइयों के रिएक्शन से हुई मौत
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ समय पहले सुहानी का एक छोटा सा एक्सीडेंट हो गया था, जिससे उनका पैर फ्रैक्चर हो गया था। इसके इलाज के दौरान ही उन्हें जो दवाएं दी गई थी उसका उनके शरीर में साइज इफेक्ट होने लगा और उनके शरीर में अंदर ही अंदर फ्लूइड जमा होने लगा। इसका इलाज काफी लंबे समय तक दिल्ली के एम्स में भी चला लेकिन सुहानी की जान नहीं बच पाई।

‘दंगल’ में हुई थी सुहानी की अदाकारी की तारीफ

सुहानी भटनागर ने आमिर खान स्टारर फिल्म ‘दंगल’ में बबिता फोगाट के बचपन का किरदार निभाया था। इस फिल्म में उनके किरदार को लोगों ने खूब सराहा था। सुहानी का मासूम चेहरा और बेहतरीन अदाकारी ने सबका दिल जीत लिया था। सुहानी ने कुछ ऐड फिल्म्स में भी काम किया। लेकिन बाद में उन्होंने पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए एक्टिंग से कुछ समय का ब्रेक लिया हुआ था। बॉलीवुड और सुहानी के फैंस को उनके कमबैक का इंतजार था।