देवरिया। पश्चिम एशिया में बढ़ते जिओपॉलिटिकल तनाव के बीच भारत के लिए राहत की खबर सामने आई है। संघर्षग्रस्त  होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को पार करते हुए सऊदी अरब से कच्चा तेल लेकर आने वाला पहला टैंकर भारत पहुंच गया है। शेनलॉन्ग नाम का यह टैंकर सऊदी अरब से कच्चा तेल लेकर भारत पहुंचा है। टैंकर का भारत पहुंचना इस लिए बड़ी बात बन गई है क्योंकी टैंकर ऐसे समय में स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज से गुजरा जब युद्ध जैसी स्थिति की वजह से तनाव बना हुआ है।

सऊदी अरब से मुंबई पहुंचा टैंकर

रिपोर्ट के मुताबिक यह टैंकर 1 मार्च को सऊदी अरब के प्रमुख तेल निर्यात टर्मिनल रस तनुरा तेल टर्मिनल से रवाना हुआ था। लगभग नौ दिन की यात्रा के बाद यह 10 मार्च को भारत के मुंबई पहुंच गया। मुंबई पोर्ट के अधिकारियों के अनुसार जहाज बुधवार दोपहर करीब 1 बजे बंदरगाह पर पहुंचा। जहाज में मौजूद कच्चा तेल पूर्वी मुंबई के माहुल इलाके स्थित रिफाइनरियों में भेजा जाएगा, जहां इसे प्रोसेस किया जाएगा।

होर्मुज से कैसे पार हुआ जहाज ?

जानकारी के अनुसार जब यह टैंकर होर्मुज जलडमरूमध्य के करीब पहुंचा तो उसने अपनी लोकेशन छिपाने के लिए ट्रांसपोंडर बंद कर दिया। रिपोर्ट के मुताबिक जहाज ने अपना ऑटोमैटिक आइडेंटिफिकेशन सिस्टम(AIS) भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया था, जिससे उसकी करंट लोकेशन ट्रैक नहीं की जा सकी।  बताया जा रहा है कि जहाज ने 9 मार्च को फिर से AIS चालू किया, जिसके बाद उसकी स्थिति स्पष्ट हो सकी। इस टैंकर का मालिक शेनलॉन्ग शिपिंग लिमिटेड है, जबकि इसका संचालन एथेंस स्थित डायनेकॉम टैंकर मैनेजमेंट लिमिटेड द्वारा किया जाता है।